विधायक सुरेंद्र मेहता ने दिया त्वरित निराकरण का भरोसा, नल-जल से लेकर पेंशन तक सुनी गईं जनसमस्याएं
डीएनबी भारत डेस्क

भगवानपुर प्रखंड के पंचायत सरकार भवन मोख्तियारपुर में मंगलवार को आयोजित सहयोग शिविर में आम जनता की समस्याओं का समाधान सरकार आपके द्वार के संकल्प के साथ किया गया। शिविर में अधिकारियों ने पंचायतवासियों की फरियादें गंभीरता से सुनीं और उनके त्वरित निष्पादन का आश्वासन दिया।
शिविर के दौरान पंचायत में संचालित विकास योजनाओं की गहन समीक्षा भी की गई। अधिकारियों के अनुसार, सहयोग शिविर में कुल 92 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 85 मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। शेष मामलों के शीघ्र निष्पादन हेतु संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए।शिविर में राशन कार्ड में सुधार, हर घर नल-जल योजना की शिकायतें, बिजली कनेक्शन, जमीन दाखिल-खारिज व परिमार्जन, वृद्धा-विधवा पेंशन, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र समेत दर्जनों जनहित के मुद्दे लोगों द्वारा उठाए गए।
मौके पर उपस्थित स्थानीय विधायक सुरेंद्र मेहता ने कहा, “जनता की हर समस्या का समयबद्ध और पारदर्शी समाधान हमारी प्राथमिकता है। कोई भी व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित नहीं रहेगा।” उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित मामलों का निष्पादन 15 दिनों के भीतर सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर प्रखंड प्रमुख इन्द्रजीत कुमार, डीसीएलआर बेगुसराय, प्रखंड विकास पदाधिकारी धर्मवीर कुमार प्रभाकर, अंचलाधिकारी रानू कुमार सहित प्रखंड के अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में पंचायत के ग्रामीण उपस्थित थे। ग्रामीणों ने शिविर के आयोजन पर संतोष जताते हुए कहा कि इससे सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने से मुक्ति मिली है।
बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट