जनगणना कार्य को त्रुटिरहित बनाने हेतु तेघड़ा में हेल्पलाइन नंबर जारी, शिकायतों के निष्पादन के लिए हेल्प डेस्क स्थापित

DNB Bharat Desk

तेघड़ा : भारत की जनगणना–2027 के प्रथम चरण अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं भवन गणना का कार्य तेघड़ा ग्रामीण चार्ज अंतर्गत तेज़ी से प्रगति पर है। जनगणना कार्य को पूर्णतः त्रुटिरहित, पारदर्शी एवं शत-प्रतिशत सफल बनाने के उद्देश्य से प्रखंड विकास पदाधिकारी सह चार्ज जनगणना अधिकारी, तेघड़ा के निर्देश पर प्रखंड कार्यालय परिसर में विशेष हेल्प डेस्क की स्थापना की गई है। साथ ही आम नागरिकों की सुविधा एवं शिकायतों के  निष्पादन हेतु हेल्पलाइन नंबर 6279252893 जारी किया गया है।

- Sponsored Ads-

प्रखंड विकास पदाधिकारी ने बताया कि जनगणना राष्ट्रहित एवं भविष्य की विकास योजनाओं से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है। ऐसे में यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी परिवार, मकान अथवा व्यक्ति जनगणना से वंचित न रह जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी मकान पर Census House Number अंकित नहीं किया गया है, किसी परिवार का विवरण दर्ज नहीं हुआ है अथवा जनगणना से संबंधित किसी प्रकार की शिकायत या त्रुटि है, तो आम नागरिक निर्धारित हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

हेल्पलाइन नंबर सभी कार्य दिवसों में प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 05:00 बजे तक कार्यरत रहेगा। प्राप्त शिकायतों का त्वरित सत्यापन करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।तेघड़ा ग्रामीण चार्ज अंतर्गत सभी पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में आम नागरिकों को हेल्पलाइन नंबर की जानकारी उपलब्ध कराएं तथा शिकायतों के समाधान में पूर्ण सहयोग प्रदान करें।

जनगणना कार्य को त्रुटिरहित बनाने हेतु तेघड़ा में हेल्पलाइन नंबर जारी, शिकायतों के निष्पादन के लिए हेल्प डेस्क स्थापित 2प्रखंड कार्यालय में स्थापित हेल्प डेस्क के माध्यम से जनगणना कार्य की मॉनिटरिंग, शिकायत पंजीकरण एवं आवश्यक मार्गदर्शन का कार्य भी प्रारंभ कर दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि पारदर्शिता एवं जनसहभागिता के माध्यम से ही त्रुटिरहित जनगणना सुनिश्चित की जा सकती है।

साथ ही प्रखंड विकास पदाधिकारी ने आम जनों से अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक जनगणना कार्य में सहयोग करें, सही एवं सत्य जानकारी उपलब्ध कराएं तथा यह सुनिश्चित करें कि उनके क्षेत्र का कोई भी परिवार, मकान अथवा व्यक्ति जनगणना से वंचित न रह जाए। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल सरकारी प्रक्रिया नहीं बल्कि भविष्य की विकास योजनाओं की आधारशिला है, इसलिए इसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है।

Share This Article