डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर जिले के पूसा थाना क्षेत्र के धर्मागतपुर बथुआ गांव में एक अजीबोगरीब और चिंताजनक मामला सामने आया है। यहां अज्ञात उपद्रवी तत्वों ने 1,50 एकड़ में लगे आम के बगीचे में घुसकर 55 से अधिक आम के पेड़ों को काटकर नष्ट कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है, वहीं किसान और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। पीड़ित किसान सौरभ कुमार ने बताया कि उन्होंने करीब पांच वर्षों की कड़ी मेहनत और देखभाल से इस बगीचे को तैयार किया था।

अब पेड़ों में फल आने का समय था और इसी फसल से परिवार को अच्छी आमदनी होने की उम्मीद थी। किसान ने भावुक होकर कहा कि इलाके के अधिकांश किसान आम की खेती पर ही निर्भर हैं और इसी से उनके परिवार का भरण-पोषण चलता है। ऐसे में इस तरह की घटना ने पूरे क्षेत्र के किसानों को डरा दिया है।
किसान जब अपने बगीचे में पहुंचे तो कटे हुए पेड़ों को देखकर हक्का-बक्का रह गए। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। लोगों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस प्रशासन भी घटनास्थल पर पहुची और मामले की जांच शुरू कर दी। पीड़ित किसान ने वरीय अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो किसानों का प्रशासन से भरोसा उठ सकता है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और उपद्रवियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट