घटना बेगूसराय के एफसीआई थाना क्षेत्र अंतर्गत बिहट चांदनी चौक के पास की है,
डीएनबी भारत डेस्क
बेगूसराय से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। जहां तेज रफ्तार का कहर एक स्कूली छात्र की जान ले गया। सड़क पार कर रहे मासूम को पिकअप वाहन ने कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।घटना बेगूसराय के एफसीआई थाना क्षेत्र अंतर्गत बिहट चांदनी चौक के पास की है, जहां एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने सड़क पार कर रहे स्कूली छात्र को अपनी चपेट में ले लिया।

मृतक छात्र की पहचान बिहट गांव निवासी बलराम पासवान के पुत्र कन्हैया कुमार के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि कन्हैया कुमार कॉपी खरीदने के लिए बाजार जा रहा था और इसी दौरान सड़क पार करते वक्त यह हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पिकअप वाहन काफी तेज गति में था और चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे छात्र को कुचलते हुए निकल गया। हादसा इतना भयावह था कि कन्हैया कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और भगदड़ की स्थिति बन गई।
वहीं हादसे के बाद चालक पिकअप वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।सूचना मिलते ही एफसीआई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक कन्हैया कुमार गांव के ही एक सरकारी स्कूल में सातवीं कक्षा का छात्र था। इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है, लेकिन इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के सवाल खड़े कर दिए हैं।
डीएनबी भारत डेस्क