डीएनबी भारत डेस्क
बेगूसराय से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां प्रेम विवाह करने वाली एक युवती की दहेज के लिए कथित तौर पर हत्या कर दी गई। आरोप है कि ससुराल वालों ने पहले गला दबाकर उसकी हत्या की और फिर उसे आत्महत्या का रूप देने के लिए फंदे से लटका दिया। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

मामला बेगूसराय के गढ़हारा थाना क्षेत्र का है, जहां शबनम कुमारी नाम की विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के परिजनों का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है।
परिजनों के अनुसार, करीब दो साल पहले शबनम की मुलाकात गांव में कंप्यूटर क्लास के दौरान आयुष कुमार से हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती हुई और धीरे-धीरे यह रिश्ता प्यार में बदल गया। इसके बाद दोनों ने घर से भागकर प्रेम विवाह कर लिया।शुरुआत में सब कुछ ठीक रहा, लेकिन कुछ समय बाद पति और उसके परिजनों ने दहेज में 10 लाख रुपये की मांग शुरू कर दी।
लड़की के पिता मिथिलेश पासवान का कहना है कि वे मजदूर हैं और इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थ थे।आरोप है कि दहेज नहीं मिलने पर शबनम के साथ लगातार मारपीट और प्रताड़ना की जाती थी। परिजनों का कहना है कि इसी वजह से ससुराल वालों ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी और फिर शव को फंदे से लटका कर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की।
घटना की जानकारी मिलते ही मायके वाले मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर गढ़हारा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया।फिलहाल पुलिस इस मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच में जुट गई है।
परिजनों के आरोपों के आधार पर पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
अब देखना होगा कि पुलिस जांच में क्या खुलासा होता है और पीड़ित परिवार को कब तक न्याय मिल पाता है।
डीएनबी भारत डेस्क