डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर:दलसिंहसराय थाना से एक महिला बंदी के फरार होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।बताया जाता है कि महिला ने पुलिस को चकमा देते हुए थाने से ही भागने में सफलता हासिल कर ली,जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

डीएसपी विवेक कुमार शर्मा के अनुसार, केवटा गांव निवासी रितु कुमारी के आवेदन पर दलसिंहसराय थाना कांड संख्या 170/26 दर्ज किया गया था। इसी मामले में उमेश राय की पत्नी को पूछताछ के लिए थाना लाया गया था और उसे महिला पुलिसकर्मियों की निगरानी में रखा गया था। बताया जा रहा है कि ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिसकर्मी को नींद आ गई।
इसी दौरान बंदी ने मौके का फायदा उठाया और चुपके से फरार हो गई। घटना के बाद थाना में अफरातफरी मच गई और ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों से पूछताछ शुरू कर दी गई है। इधर सूचना मिलते ही पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी लेकिन फरार महिला का कोई सुराग नहीं मिल सका है।
डीएसपी ने बताया कि लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों की जांच की जा रही है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं फरार महिला की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है। उल्लेखनीय है कि पूर्व में भी इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि महिला बंदी को महिला हाजत में रखने के बजाय पुलिस बैरक में क्यों रखा गया।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट