डीएनबी भारत डेस्क
बछवाड़ा थाना क्षेत्र गोधना पंचायत के सीमा के समीप एनएच 28 पर बुधवार की अहले सुबह सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में पीछे से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे घटनास्थल पर ही एक ट्रक चालक की मौत हो गई। वही दुसरे ट्रक का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक ट्रक चालक की पहचान झारखंड के कोडरमा जिले के नेरो नवादीप निवासी स्व गणेश राणा के पुत्र अनिल राणा के रूप में हुई है।

वहीं, घायल दुसरे ट्रक चालक की पहचान कोडरमा निवासी अनिल यादव के पुत्र ज्योतिष यादव के रूप में की गई है। राहगीर ने बताया कि सुबह करीब 3:00 बजे एक ट्रक का टायर पंचर हो गया था। चालक ने ट्रक को सड़क किनारे खड़ा किया और स्टेपनी के सहारे टायर बदलने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान तेघड़ा की तरफ से तेज रफ्तार में बछवाड़ा की तरफ जा रहे एक अन्य ट्रक ने खड़े ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक ट्रक का अगला भाग पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। वही खड़े ट्रक के समीप टायर बदल रहा चालक की ट्रक से दबकर मौत हो गयी। एक अन्य ट्रक चालक भी घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर ही चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। राहगीरों ने तुरंत इस दुर्घटना की सूचना स्थानीय बछवाड़ा पुलिस को दी।सूचना मिलते ही बछवाड़ा पुलिस की टीम तत्क्षण मौके पर पहुंची और घायल चालक को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछवाड़ा में भर्ती कराया।
जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे बेगूसराय रेफर कर दिया गया है। वही पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय अस्पताल भेज दिया है। मामले में थानाध्यक्ष परेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों ट्रकों को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।
डीएनबी भारत डेस्क