घटना साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के श्रीनगर ढाला के पास की बताई जा रही है।
डीएनबी भारत डेस्क
बेगूसराय से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां एक दर्दनाक सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के श्रीनगर ढाला के पास की बताई जा रही है।

मृतकों की पहचान साहेबपुर कमाल थाना अंतर्गत श्रीनगर गांव वार्ड-10 निवासी 60 वर्षीय नथुनी यादव और उनकी 52 वर्षीय पत्नी इंदु देवी के रूप में की गई है। मिली जानकारी के अनुसार, दोनों सोमवार की सुबह रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे, तभी तेज रफ्तार एक फोर व्हीलर वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे में शामिल वाहन रीनॉल्ट कंपनी की कार बताई जा रही है, जिसका नंबर BR01HS6374 है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन के आगे शीशे पर पुलिस का स्टीकर भी लगा हुआ था और टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग मौके पर जुट गए और गुस्साए लोगों ने दोनों शवों को सड़क पर रखकर जाम कर दिया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
सूचना मिलने पर साहेबपुर कमाल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं बलिया डीएसपी के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है, जो आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझाने में जुटी है।
वहीं, थाना अध्यक्ष सिंटू कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौत हुई है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया के तहत पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस बीच, सूत्रों के मुताबिक हादसे में शामिल वाहन कथित तौर पर किसी वरीय पुलिस पदाधिकारी से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि, इस संबंध में अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और वाहन के मालिक व चालक की पहचान की जा रही है।
डीएनबी भारत डेस्क