म्यूटेशन-परिमार्जन व RTPS आवेदनों में नहीं होगी देरी, तेघड़ा एसडीएम ने अधिकारियों के साथ की बैठक

DNB Bharat Desk

तेघड़ा (बेगूसराय)। राज्य में चल रहे अंचल अधिकारियों  की हड़ताल के कारण राजस्व से जुड़े कार्यों के प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए अनुमंडल प्रशासन तेघड़ा द्वारा सक्रिय पहल की गई। इसी क्रम में अनुमंडल पदाधिकारी तेघड़ा श्री राकेश कुमार की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी प्रभारी सीओ-सह-बीपीआरओ, राजस्व कर्मचारी तथा पंचायत सचिव उपस्थित रहे।

- Sponsored Ads-

बैठक के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि आम जनता से जुड़े राजस्व कार्य— दाखिल-खारिज परिमार्जन एवं अन्य भूमि संबंधी मामलों का निष्पादन किसी भी परिस्थिति में बाधित नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि हड़ताल की स्थिति के बावजूद प्रशासन की प्राथमिकता है कि आम नागरिकों को राजस्व सेवाओं के लिए किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

म्यूटेशन-परिमार्जन व RTPS आवेदनों में नहीं होगी देरी, तेघड़ा एसडीएम ने अधिकारियों के साथ की बैठक 2एसडीएम श्री राकेश कुमार ने सभी प्रभारी सीओ-सह-बीपीआरओ, राजस्व कर्मचारियों एवं पंचायत सचिवों को निर्देशित किया कि RTPS पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों का भी समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आरटीपीएस के माध्यम से प्राप्त आवेदनों को लंबित न रखा जाए और निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनका निष्पादन कर आम जनता को त्वरित सेवा प्रदान की जाए।

बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि लंबित मामलों की सूची तैयार कर प्राथमिकता के आधार पर उनका निष्पादन किया जाए। साथ ही म्यूटेशन एवं परिमार्जन से संबंधित आवेदनों का नियमित सत्यापन कर कार्यों को तेज गति से पूरा करने पर बल दिया गया।

अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा राजस्व कार्यों की सतत निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यदि किसी स्तर पर कोई समस्या उत्पन्न होती है तो उसकी सूचना तत्काल अनुमंडल कार्यालय को दी जाए, ताकि उसका शीघ्र समाधान किया जा सके।

अनुमंडल प्रशासन ने स्पष्ट किया कि हड़ताल की स्थिति के बावजूद राजस्व से संबंधित सभी कार्यों, विशेषकर म्यूटेशन, परिमार्जन एवं RTPS पर प्राप्त आवेदनों का निष्पादन निर्बाध एवं समयबद्ध रूप से जारी रहेगा, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

Share This Article