डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर: आरपीएफ कमांडेंट आशीष कुमार के निर्देशन में समस्तीपुर आरपीएफ टीम ने एक बार फिर अपनी ड्यूटी से इतर ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की अनूठी मिसाल पेश की है। ‘ऑपरेशन अमानत’ के तहत आरपीएफ ने एक रेल यात्री का खोया हुआ कीमती पर्स सकुशल वापस कर उनके चेहरे पर मुस्कान लौटा दी।

क्या है पूरा मामला:
जानकारी के अनुसार, 18 फरवरी 2026 को ‘रेल मदद’ के माध्यम से एक शिकायत प्राप्त हुई थी। गाड़ी संख्या 19483 के कोच ए-2 में एक यात्री अपना पर्स भूल गए थे। जैसे ही ट्रेन समस्तीपुर स्टेशन पहुंची, आरपीएफ की महिला आरक्षी अनीता मीणा ने तत्काल कोच की सीट संख्या 16 पर पहुंचकर गहन तलाशी ली और लावारिस हालत में पड़ा पर्स बरामद किया।
सत्यापन के बाद सौंपी अमानत:
पर्स की जांच करने पर उसमें ₹5,760 नगद, क्रेडिट कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज पाए गए। आरपीएफ टीम ने तत्काल यात्री से संपर्क कर उन्हें सूचित किया। शुक्रवार (19 फरवरी) को पीड़ित यात्री ईश्वर चंद मंडल (निवासी- सागरपुर सकरी, जिला मधुबनी) आरपीएफ पोस्ट समस्तीपुर पहुंचे। वहां एसआई (SI) श्याम सुंदर कुमार ने उचित सत्यापन के बाद उनकी अमानत उन्हें सौंप दी।
यात्री ने जताया आभार:
अपना खोया हुआ पर्स और पूरी नगद राशि सुरक्षित पाकर यात्री ईश्वर चंद मंडल भावुक हो गए। उन्होंने आरपीएफ का धन्यवाद करते हुए कहा, “आज के दौर में जहां लोग चंद रुपयों के लिए बेईमानी पर उतर आते हैं, वहीं आरपीएफ की यह ईमानदारी उम्मीद से परे है। मैं समस्तीपुर आरपीएफ के अधिकारियों और कर्मचारियों को तहे दिल से सलाम करता हूं।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट