बखरी थाना इलाके में यह विवाद हुआ
डीएनबी भारत डेस्क

बेगूसराय में डॉक्टर अंबेडकर की प्रतिमा के समीप लगे भगवा झंडे को फेंक दिया गया। इस मौके पर मौजूद लोगों ने इसका विरोध किया। इसकी सूचना जब अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और अन्य संगठनों को मिली तो वह भी मौके में पहुंच गए। लिहाजा दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। तीखी नोंक झोंक होने लगी। मामले की जानकारी के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर शांत कराया। हालांकि दोनों पक्षों के बीच तनाव बरकरार है। आपको बताते चले कि रविवार की रात करीब 8:30 बजे बेगूसराय के बखरी थाना इलाके में यह विवाद हुआ है। इससे जुड़ा वीडियो भी सामने आया है।
वीडियो में बखरी के अंबेडकर चौक पर दो पक्षों के बीच विवाद देखा जा सकता है।स्थानीय लोगों के अनुसार, एक संगठन विशेष के लोगों ने अंबेडकर की प्रतिमा के समीप लगे भगवा झंडे को हटाकर फेंक दिया। लिहाजा वहां पर मौजूद कुछ लोगों ने इसका विरोध किया। विरोध करने वालों ने कहा कि अगर आपको अपने संगठन का झंडा लगाना है तो आप झंडा लगा लें, लेकिन भगवा झंडे को ना फेंके। इसकी सूचना मिलने के बाद एबीवीपी के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए।इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद गहरा गया। तीखी बहसबाजी होने लगी। मौके पर जय श्री राम के नारे लगाए जाने लगे।
ABVP के कार्यकर्ताओं का कहना था कि अगर आपको अपने संगठन का झंडा लगाना है तो आप भगवा झंडा के बगल में उसे लगा सकते हैं, लेकिन किसी झंडे को फेंकने का अधिकार आपके पास नहीं है।विवाद की सूचना के बाद मौके पर बखरी थाना प्रभारी फैसल अहमद पुलिस टीम के साथ पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों से शांत रहने की अपील की। दोनों पक्षों को समझा कर पुलिस ने मामले को शांत कर दिया है। भगवा झंडे को वापस उसके स्थान पर लगा दिया गया है। हालांकि झंडा फेंके जाने और उसे दोबारा हटाने की बात कहे जाने को लेकर एबीवीपी और भाजपा के कार्यकर्ता नाराज हैं।एबीवीपी के कार्यकताओं का कहना है कि एक संगठन की ओर से यह कहा गया है कि झंडा दोबारा हटाया जाएगा।
डीएनबी भारत डेस्क