खेत पटवन के क्रम में पानी भरे गड्ढे में डूबने से अधेड़ की मौत

DNB Bharat Desk

मेघौल पंचायत के मलमल्ला गांव स्थित बहियार में मक्का फसल पटवन कर रहे एक अधेड़ की पानी भरे गड्ढे में डूब जाने से मौत हो गई। मृतक की पहचान मलमल्ला गांव स्थित वार्ड नं 12 निवासी स्व बासो पासवान के 55 वर्षीय पुत्र राम सेवक पासवान के रूप में की गई है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि राम सेवक पुनडाहा बहियार के पानी भरे एक गढ्ढा से सेक्शन लगाकर खेत में मक्का फसल का पटवन कर रहे थे। खेत पटवन के बाद मशीन का सेक्शन खोलने के क्रम में वह फिसलकर गहरे पानी भरे गड्ढे में गिर गया। पानी में डूब जाने से उसकी मौत हो गई।

आस पास के किसानों ने इस घटना को देख जोड़ जोड़ से हल्ला किया। हल्ला होने पर लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गयी। काफी मशक्कत के बाद लोगों ने उसे पानी से बाहर निकाला और इलाज के लिए तुरंत खोदावंदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के तीन पुत्र एवं दो पुत्रियां हैं।

- Sponsored Ads-

राम सेवक पासवान की मौत की खबर से उसकी पत्नी गीता देवी, पुत्र कमलू पासवान, बिरजू पासवान, मंजीत पासवान एवं पुत्रियों सुलेखा कुमारी तथा रूबी कुमारी का रो रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी पाकर पुलिस बल के साथ अस्पताल परिसर पहुंचे एसआई कन्हैया कृष्ण ने मृतक के शव को अपने कब्जे में ले लिया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया गया। वहीं घटना की जानकारी पाकर अस्पताल परिसर पहुंचे मेघौल पंचायत के मुखिया पुरुषोत्तम सिंह ने मृतक के परिजनों को सांत्वना देते हुए उन्हें हरसम्भव सरकारी सहायता राशि दिलवाने का भरोसा दिया।

Share This Article