दिवंगत भाकपा नेता कमली महतों को दी गई भावपूर्ण श्रद्धांजलि

DNB Bharat

भाकपा द्वारा राजकीय कृत श्री सीताराम राय उच्च विद्यालय रजौड़ा में आयोजित किया गया श्रद्धांजलि सभा कार्यक्रम।

डीएनबी भारत डेस्क 
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के वरिष्ठ नेता कमली महतों के निधन के उपरांत आयोजित श्रद्धांजलि सह संकल्प सभा में बड़ी संख्या में लोगों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। भाकपा द्वारा राजकीय कृत श्री सीताराम राय उच्च विद्यालय रजौड़ा में आयोजित सभा की अध्यक्षता वरिष्ठ नेता प्रताप नारायण सिंह ने की।

इस अवसर पर पूर्व सांसद सह पार्टी के वरिष्ठ नेता शत्रुघ्न प्रसाद सिंह ने कहा कि स्व कमली महतों ने अपना सम्पूर्ण जीवन लाल झंडा के लिये न्योछावर कर दिया। स्व महतों गरीब गुरबों एवं शोषित पीड़ितों की आवाज थे। उनके निधन से वामपंथ को अपूरणीय क्षति हुई है। भाकपा जिलामंत्री पूर्व विधायक अवधेश राय ने कहा कि स्व कमली महतों ने अपने राजनीतिक जीवन में एक आदर्श कायम किया जो नई पीढ़ी के लिये प्रेरणादायक है।

- Sponsored Ads-

तेघड़ा विधायक रामरतन सिंह ने अपने सम्बोधन में कहा कि वर्त्तमान राजनीतिक माहौल में स्व कमली महतों जैसे नेताओं की जरूरत थी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से स्व महतों द्वारा स्थापित आदर्श पर चलने की अपील की। बखरी विधायक सूर्यकांत पासवान ने कहा कि स्व कमली महतों के बताये रास्ते पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

सभा को सम्बोधित करते हुये भाकपा के राष्ट्रीय सचिव नगेन्द्र नाथ ओझा, खेत मजदूर नेता जानकी पासवान, सीपीएम के जिला सचिव रत्नेश, भाकपा माले के जिला सचिव दिवाकर, पूर्व विधान पार्षद उषा सहनी, अनिल कुमार अंजान, श्रीकांत राय, अमीन हमजा आदि ने भी स्व महतों को श्रद्धांजलि अर्पित किया। बीहट इप्टा द्वारा श्रद्धांजलि गीत प्रस्तुत किया गया। मौके पर भाकपा नेता राजेन्द्र चौधरी, शगुफ्ता ताजवार, जुलुम सिंह, दिनेश सिंह, पूर्व मुखिया अशोक सिंह, शम्भू देवा आदि मौजूद थे।

बेगूसराय तेघड़ा संवाददाता शशिभूषण भारद्वाज 

Share This Article