समस्तीपुर में सेंट्रल बैंक से लूट कांड का पुलिस ने किया उद्भेदन, लूट के 54 लाख रुपए समेत 5 लुटेरा गिरफ्तार

DNB Bharat Desk

 

डीएनबी भारत डेस्क 

समस्तीपुर जिला के रोसड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ऐरौत गांव स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखा से 66 लाख रुपए लूट मामले का एसपी हृदयकांत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान खुलासा करते हुए विस्तृत जानकारी दी। एसपी ने बताया कि लूट की इस घटना में बदमाशो ने 62 लाख 9 हजार 165 रुपए लूट लिया था। जिसमें से पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से 54 लाख 33 हजार 665 रुपए बरामद कर लिया। इसके साथ ही पुलिस ने मास्टर माइंड समेत पांच बदमाशों को भी गिरफ्तार करने में कामयाबी पायी।

- Sponsored Ads-

बदमाशों के पास से तीन देसी कट्‌टा के अलावा चार गोली, चार मोबाइल व घटना में प्रयुक्त एक बाइक भी बरामद की गई। गिरफ्तार बदमाशों में बेगूसराय जिले के बछवाड़ा थाना के बछबाड़ा गांव निवासी मनोज महतो का पुत्र राजा कुमार, जबकि विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव निवासी कुशेश्वर महतो का पुत्र महेश कुमार, महादेव महतो का पुत्र पिंटू कुमार इसी थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव निवासी मनोज सिंह का पुत्र नितेश कुमार सिंह उर्फ लालू सिंह, बेगूसराय जिले के मंसूरचक थाना क्षेत्र अंतर्गत अहियापुर निवासी राजेश चौधरी का पुत्र अंकित कुमार शामिल था।

एसपी ने बताया कि सोमवार को बैंक खुलते ही पांच की संख्या में बदमाशों ने ऐरौत गांव के सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखा पर धावा बोलकर 62 लाख 9 हजार रुपए लूट लिया था। लूट की राशि बैंक में उपलब्ध राशि की मिलान के बाद पता चला है। एसपी ने बताया कि लूट की घटना के बाद मुख्यालय डीएसपी अमित कुमार के साथ दलसिंहसराय के डीएसपी दिनेश पांडेय के नेतृत्व में पुलिस की टीम ने छापेमारी अभियान शुरू की। इसी दौरान मुरादपुर के पास एक बदमाश पकड़े गए। जिसके पास से करीब 29 लाख रुपए बरामद हुआ। इसी बीच सूचना मिला की बदमाश भूतहा चौर के ईंख खेत में छिपे हुए हैं। जिसके बाद चौर में सर्च अभियान चलाया गया। करीब 500 एकड़ मे फैले चौर के ईंख खेतो में छह घंटे तक सर्च अभियान चलाया गया। जहां पैर के निशान के आधार पर तीन बदमाशों को पकड़ा गया। बगल के खेत से रुपए से भरा बैग भी मिला। वहीं एक अन्य बदमाश को गश्ती दल ने रास्ते में पकड़ा।

समस्तीपुर से अनिल चौधरी 

Share This Article