एक दिन में दो लूटकांड की जांच में समस्तीपुर पहुंचे एडीजी को आक्रोशित लोगों ने घेरा

DNB Bharat Desk

डीएनबी भारत डेस्क 

बिहार में इन दिनों अपराधियों का तांडव लगातार जारी है। इसको लेकर पुलिस महकमें में भी अफरा- तफरी का माहौल बना हुआ है। अपराधियों कि गिरफ़्तारी को लेकर पुलिस द्वारा छापेमारी भी की जा रही है। इस बीच कई जगहों पर पुलिस बल को राज्य में बढ़ते अपराध के कारण जनता के आक्रोश का भी सामना करना पड़ रहा है। इसी कड़ी में अब बिहार के समस्तीपुर में पुलिस के वरीय अधिकारीयों को जनता के आक्रोश का सामना करना पड़ा।

- Sponsored Ads-

एक दिन में दो लूटकांड की जांच में समस्तीपुर पहुंचे एडीजी को आक्रोशित लोगों ने घेरा 2

दरअसल, बीते दिन बिहार के समस्तीपुर में अपराधियों ने एक दिन के अंदर दो जगहों पर लूट की बड़ी घटना को अंजाम दिया था। सबसे पहले अपराधियों ने सिनेमा हॉल मालिक के घर पर लूट की घटना को अंजाम दिया। इसके कुछ ही घंटे बाद दिनदहाड़े एक स्वर्ण करोबारी के दूकान से एक करोड़ की लूट को अंजाम दिया। जिसके बाद लोगों के अंदर पुलिस प्रशासन को लेकर आक्रोश व्याप्त हो गया। इसी कड़ी में आज लूट मामले में छानबीन करने आए पुलिस के वरीय अधिकारीयों को इनके इस आक्रोश का सामना करना पड़ गया।

जानकारी के अनुसार, समस्तीपुर भीषण लूट- कांड को लेकर खुद एडीजी स्वर्ण कारोबारियों के परिजनों से मिलने उनके निवास स्थान पर जा रहे थे, तभी उनकी काफिले को आक्रोशित व्यवसायियों द्वारा घेर लिया गया और इनको खदेड़ दिया गया। इस दौरान एडीजी के काफिले में सीआईडी की डीआईजी गरिमा मल्लिक भी शामिल थी। बताया जा रहा है कि आक्रोशित व्यवसायी समस्तीपुर के पटेल गोलंबर के पास करीब एक घंटे तक एडीजी और सीआईडी की डीआईजी के काफिले को घेरे रखा। इस दौरान वो लोग पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे थे।

समस्तीपुर से अनिल चौधरी 

Share This Article