कैमूर में भूमि विवाद में गरजी बंदूक, बिहार सरकार के मंत्री के रिश्तेदार घायल

DNB Bharat Desk

डीएनबी भारत डेस्क

बिहार के कैमूर में भूमि विवाद में बंदूकें गरजी जिसमें बिहार सरकार के एक मंत्री के रिश्तेदार समेत चार लोग घायल हो गए वहीं घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से एक बंदूक और 14 गोली बरामद की है। घटना कैमूर के चांद थाना क्षेत्र के हसदेव गांव की है जहां सोमवार के दिन भूमि विवाद में दो पक्षों के बीच गोलियां चली। गोलीबारी में चार लोग घायल हो गए हैं वहीं पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

- Sponsored Ads-

मामले में चांद थानाध्यक्ष मो इरफान ने बताया कि दोनों पक्ष बिहार सरकार में मंत्री जमा खान के रिश्तेदार और उनके पाटीदार हैं। दोनो के बीच भूमि विवाद चल रहा था। भूमि विवाद में दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी हुई जिसमें एक व्यक्ति को गोली लगी है जबकि तीन अन्य भी घायल हुए। सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल भभुआ में चल रहा है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से देसी कट्टा, एक दो नाली बंदूक, एक राइफल, 14 गोली, एक बाइक और एक बोलेरो को जब्त किया है। साथ ही सात लोगों के खिलाफ चांद थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है।

मामले में कैमूर के एसपी राकेश कुमार ने बताया कि दो पक्षों में भूमि विवाद में गोलीबारी हुई है जिसमें एक व्यक्ति को गोली लगी जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने हथियार बरामद किया है साथ ही एक व्यक्ति को गिरफ्तार भी किया है वहीं अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

- Sponsored Ads-
- Sponsored Ads-
Share This Article