डीएनबी भारत डेस्क
नीट पेपर लीक मामले और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर नालंदा जिले में लगातार हो रहे छात्र विरोध प्रदर्शन को देखते हुए शुक्रवार की देर शाम जिला प्रशासन और पुलिस ने बिहारशरीफ शहर में फ्लैग मार्च निकाला। जिलाधिकारी उदिता सिंह, पुलिस अधीक्षक भारत सोनी, डीडीसी, एसडीएम, कई डीएसपी,थानाध्यक्षों के साथ भारी संख्या में पुलिस बल फ्लैग मार्च में शामिल रहे।

फ्लैग मार्च श्रम कल्याण केंद्र से शुरू होकर शहर के कई संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा। इस दौरान पुलिस प्रशासन ने असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश देते हुए कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। फ्लैग मार्च की अगुवाई कर रहे पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने कहा कि पुलिस प्रशासन की ओर से एरिया डोमिनेशन किया जा रहा है, ताकि आम लोगों में सुरक्षा का विश्वास कायम हो और असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश दिया जा सके।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिना अनुमति के प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। शहर में किसी भी तरह की हिंसक गतिविधि को रोकने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है और महत्वपूर्ण स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। वहीं, संवेदनशील इलाकों में ड्रोन के जरिए भी निगरानी रखी जा रही है। एसपी ने बताया कि कुछ ऑनलाइन चैनलों के माध्यम से भड़काऊ भाषण और आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित कर प्रदर्शन में शामिल छात्रों को उकसाने की कोशिश की जा रही है।
ऐसे ऑनलाइन चैनलों को चिन्हित किया गया है और उनके खिलाफ भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।
डीएनबी भारत डेस्क