डीएनबी भारत डेस्क
पूसा (समस्तीपुर)। पूसा प्रखंड की दक्षिणी हरपुर पंचायत के भुस्कौल चौक के समीप समस्तीपुर–मुजफ्फरपुर मुख्य मार्ग पर वर्षों से जलजमाव की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने सड़क जाम कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। सड़क जाम होने से मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ और वाहनों की कतार लग गई। आसपास के गांवों से आने-जाने वाले लोगों, राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर जमा गंदे पानी के कारण पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। दोपहिया वाहन चालकों को दुर्घटना का खतरा बना रहता है, जबकि साइकिल सवारों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। जलजमाव के कारण आसपास के ग्रामीणों का रोजमर्रा का आवागमन प्रभावित हो रहा है, लेकिन समस्या के स्थायी समाधान के लिए अब तक ठोस पहल नहीं की गई है।
नवरात्र के दौरान समस्या और गंभीर हो जाती है। सैकड़ों लड़कियां भुस्कौल चौक पर दीप जलाने पहुंचती हैं, वहीं दर्जनों महिलाएं दुर्गा माता के स्थान पर पूजा-अर्चना करने जाती हैं। सड़क पर जलजमाव के कारण श्रद्धालुओं को भी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े इस स्थान तक पहुंचने के लिए भी लोगों को गंदे पानी और कीचड़ से होकर गुजरना पड़ता है।
पूर्व जिला परिषद प्रत्याशी सह भाकपा-माले नेता रौशन कुमार ने कहा कि जलनिकासी के लिए नाला निर्माण की मांग को लेकर बीडीओ को ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि वर्षों से चली आ रही इस समस्या पर प्रशासन की चुप्पी दुर्भाग्यपूर्ण है। आखिर ग्रामीण कब तक जलजमाव और बदहाल सड़क की समस्या झेलते रहेंगे?
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल पंप लगाकर जलजमाव हटाने तथा स्थायी समाधान के लिए नाला निर्माण कराने की मांग की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा, प्रशासन को जमीन पर काम करके दिखाना होगा। जल्द समाधान नहीं होने पर ग्रामीणों ने आंदोलन और तेज करने की चेतावनी दी।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट