परवलपुर थाना के फतेहपुर की घटना।
डीएनबी भारत डेस्क
नालंदा के परवलपुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव में घर के बाहर खेल रही एक बच्ची को जहरीले सांप ने डस लिया। बच्ची के परिजनों ने जब सांप को काटते हुए देख लिया, तो बिना देर किए पहले प्राथमिक उपचार कराया और बच्ची को लेकर बिहारशरीफ सदर अस्पताल पहुंचे।
खास बात यह रही कि परिजन सांप के बच्चे को भी पकड़कर डिब्बे में बंद कर अस्पताल ले आए, ताकि डॉक्टरों को सांप की पहचान करने में मदद मिल सके।बताया जाता है कि फतेहपुर गांव की रहने वाली तीन वर्षीय बच्ची सोनिया कुमारी रोजाना की तरह घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान अचानक कोबरा के बच्चे ने बच्ची को डस लिया। घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन परिजनों ने घबराने के बजाय सूझबूझ से काम लिया।
परिजनों ने सांप को मौके पर ही पकड़ लिया और बच्ची को प्राथमिक उपचार के बाद तत्काल बिहारशरीफ सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों को सांप दिखाए जाने के बाद बच्ची का इलाज शुरू किया गया। समय पर अस्पताल पहुंचने और इलाज मिलने से बच्ची की जान बच गई।
डीएनबी भारत डेस्क