बछवाड़ा: गड्ढों के कारण लगातार हो रहे हादसों से फूटा गुस्सा, सुरों गांव के पास एक घंटे तक ठप रहा एनएच-28

DNB Bharat Desk

बछवाड़ा थाना क्षेत्र के गोविंदपुर-तीन पंचायत अंतर्गत सूरो गांव के पास मंगलवार दोपहर स्थानीय ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा. आक्रोशित लोगों ने हाईवे को पूरी तरह जाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों किनारे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और परिचालन करीब एक घंटे तक बाधित हो गया. स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार इस सड़क की बदहाली जानलेवा बन चुकी है. दो दिन पूर्व रविवार को एक तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक की चपेट में आने से एक साइकिल सवार किशोर की दर्दनाक मौत हो गई थी.

ठीक अगले दिन सोमवार देर शाम गड्ढों से बचने के चक्कर में असंतुलित होकर तीन बाइक सवार गंभीर रूप से जख्मी हो गए. ग्रामीणों का आरोप है कि रविवार की एनएच 28 सड़क दुर्घटना के समय ही एनएचएआई को सड़क पर मौजूद खतरनाक गड्ढों की जानकारी दी गई थी, लेकिन अधिकारियों ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया. विरोध कर रहे लोगों ने एनएचएआई के रवैये पर कड़ा रोष जताते हुए कहा कि जिस जगह आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, वहां से महज 200 मीटर की दूरी पर मुरलीटोल टोल प्लाजा स्थित है. गाड़ियों से टोल टैक्स तो नियमित रूप से वसूला जा रहा है, लेकिन मेंटेनेंस के नाम पर केवल आश्वासन दिया जाता है.

बछवाड़ा: गड्ढों के कारण लगातार हो रहे हादसों से फूटा गुस्सा, सुरों गांव के पास एक घंटे तक ठप रहा एनएच-28 2टोल प्लाजा के पास भी अगर हाईवे दुरुस्त नहीं रह सकता, तो टैक्स किस बात का लिया जा रहा है.एनएचएआई के अधिकारी राजीव रंजन से मोबाइल पर सम्पर्क किया गया तो उन्होंने अपनी सफाई देते हुए बताया कि लगातार हो रहे बारिश के कारण सड़क की मरम्मती करना संभव नहीं था. इसलिए बारिश समाप्त हुआ है एनएच 28 का निरीक्षण किया गया है, जल्द ही एनएच 28 की मरम्मति करायी जाएगी. हालांकि, ग्रामीण तत्काल मरम्मत शुरू होने तक सड़क से हटने को तैयार नहीं हुए. सड़क जाम की सूचना मिलते ही बछवाड़ा थानाध्यक्ष विकास कुमार राय और अंचलाधिकारी प्रीतम गौतम दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे.अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की,

बछवाड़ा: गड्ढों के कारण लगातार हो रहे हादसों से फूटा गुस्सा, सुरों गांव के पास एक घंटे तक ठप रहा एनएच-28 3मगर लोग तुरंत कार्य शुरू कराने की मांग पर अड़े रहे. ग्रामीणों को आक्रोशित और तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए थानाध्यक्ष और सीओ ने स्वयं बछवाड़ा से रसीदपुर और गोधना तक सड़क के जर्जर हिस्सों का स्थलीय निरीक्षण किया. उसके बाद अधिकारियों ने टोल मैनेजर को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि अगर तुरंत सड़क की मरम्मत शुरू नहीं कराई गई, तो मामले की लिखित शिकायत वरीय अधिकारियों से की जाएगी. प्रशासन के कड़े रुख और एनएचएआई द्वारा तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कराए जाने के बाद ग्रामीणों ने करीब एक घंटे बाद जाम समाप्त किया. इसके बाद एनएच-28 पर यातायात सामान्य हो सका. इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, युवा और महिलाएं मौजूद थे.

Share This Article