डीएनबी भारत डेस्क
बछवाड़ा थाना क्षेत्र की विशनपुर पंचायत में रविवार की दोपहर गंगा नदी में स्नान करने के दौरान गहरे पानी में डूबने से 15 वर्षीय एक किशोर की मौत हो गई। मृतक की पहचान पटना जिले के अथमलगोला निवासी अनिरुद्ध राय के पुत्र अनुराग कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

ग्रामीणों ने बताया कि अनुराग रक्षाबंधन के अवसर पर अपनी बहन के ससुराल विशनपुर आया हुआ था। उसकी बहन की शादी विशनपुर निवासी स्वर्गीय शिवजी राय के पुत्र अरविंद राय से हुई है। रक्षाबंधन के बाद परिवार के एक बुजुर्ग सदस्य के निधन के चलते सभी परिजन गंगा स्नान के लिए घाट पर गए थे।
स्नान के दौरान अचानक पैर फिसलने से अनुराग गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। जब तक आसपास के लोग उसे बचाने का प्रयास करते, वह पानी में समा गया। स्थानीय स्तर पर काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका पता नहीं चला, तो ग्रामीणों ने घटना की सूचना बछवाड़ा थाना पुलिस और अंचलाधिकारी को दी।

प्रशासन की सूचना पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने काफी मशक्कत के बाद किशोर के शव को नदी से बाहर निकाला। शव मिलते ही परिजनों की चीख-पुकार से पूरा माहौल गमगीन हो गया। थानाध्यक्ष विकास कुमार राय ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया है और आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
बेगूसराय बछवाड़ा संवाददाता मनोज कुमार राहुल की रिपोर्ट