डीएनबी भारत डेस्क
रक्षाबंधन के पावन अवसर पर नालंदा के बिहारशरीफ स्थित कारगिल पार्क में पर्यावरण संरक्षण का अनोखा और प्रेरणादायक संदेश देखने को मिला। जहां बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार और बीजेपी नेता अविनाश मुखिया ने विशाल और दुर्लभ पेड़ को रक्षासूत्र बांधकर उसकी रक्षा और संरक्षण का संकल्प लिया।

इस दौरान नेताओं ने कहा कि जिस तरह रक्षाबंधन के दिन बहनें अपने भाइयों की लंबी उम्र और सुरक्षा की कामना करती हैं, उसी तरह अब समय आ गया है कि हम प्रकृति और पेड़-पौधों की रक्षा का भी संकल्प लें। उन्होंने कहा कि पर्यावरण ही जीवन है और एक पेड़ एक जिंदगी के बराबर है। मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि पेड़-पौधे हमें ऑक्सीजन, छाया और फल देने के साथ-साथ धरती पर जीवन को संतुलित रखने में अहम भूमिका निभाते हैं।
ऐसे में हर व्यक्ति को कम से कम दो पौधे लगाकर उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी लेनी चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि बिहार की हरियाली बढ़ाने और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है।बीजेपी नेता अविनाश मुखिया ने अंबा पंचायत में सौ साल पुराने बरगद के पेड़ में राखी बांधकर हर भाई बहन को पर्यावरण को बचाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि जिस तरह से आप अपने भाई की कलाई पर राखी बांधकर सुरक्षा की दुआ मांगते हैं ठीक उसी तरह पेड़ों को भी राखी बांधकर उसकी सुरक्षा का संकल्प ले।
डीएनबी भारत डेस्क