डीएनबी भारत डेस्क
भगवानपुर। प्रखंड के प्रारंभिक एवं हाई स्कूलों में बुधवार को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत तिरंगा यात्रा निकाली गई। विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

हाथों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा थामे छात्र-छात्राएं ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारे लगाते हुए विद्यालय परिसर से निकले। बच्चों के उत्साह और देशभक्ति के जज्बे से पूरा पोषक क्षेत्र राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। तिरंगा यात्रा के माध्यम से लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देश की एकता एवं अखंडता का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर प्रधानाध्यापक रईस ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा अभियान’ महज एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और अमर शहीदों के प्रति कृतज्ञता की भावना जगाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में देश के प्रति जिम्मेदारी और गौरव की भावना मजबूत होती है।
तिरंगा यात्रा में एचएम रईस, अशोक, अवधेश, विश्वनाथ, मनोज, रमा रमण, संजीव सहित विद्यालय के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट