सिमरिया गंगा नदी पर बने औंटा–सिमरिया सिक्स लेन पुल का नाम “राष्ट्रकवि दिनकर सेतु” रखने संबंधी संकल्प बिहार विधानसभा में स्वीकृत

DNB Bharat Desk

आज बिहार विधानसभा में तेघड़ा विधानसभा क्षेत्र के  विधायक रजनीश कुमार ने एक महत्वपूर्ण गैर-सरकारी संकल्प प्रस्तुत किया। इस संकल्प के माध्यम से राज्य सरकार से आग्रह किया गया कि सिमरिया गंगा नदी पर निर्मित औंटा–सिमरिया सिक्स लेन पुल का नाम राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ जी के सम्मान में “राष्ट्रकवि दिनकर सेतु” रखने हेतु केंद्र सरकार को सिफारिश भेजी जाए।

- Sponsored Ads-

संकल्प पर चर्चा के दौरान माननीय पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर शैलेन्द्र जी ने सदन को आश्वस्त किया कि इस प्रस्ताव की समुचित समीक्षा के उपरांत राज्य सरकार इसे केंद्र सरकार को भेजेगी।

विधायक रजनीश कुमार ने कहा कि राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ केवल बिहार ही नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र के गौरव हैं। उनकी जन्मभूमि सिमरिया की पहचान देशभर में है। ऐसे में सिमरिया गंगा नदी पर बने इस भव्य सिक्स लेन पुल का नाम “राष्ट्रकवि दिनकर सेतु” रखा जाना उनके साहित्य, राष्ट्रभक्ति और अमूल्य योगदान के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी तथा आने वाली पीढ़ियों को उनकी प्रेरणादायी विरासत से जोड़ने का कार्य करेगा।

विधानसभा में प्रस्तुत इस महत्वपूर्ण संकल्प को सदन द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई, जिसे क्षेत्रवासियों एवं साहित्य प्रेमियों के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है। विधायक श्री रजनीश कुमार ने आशा व्यक्त की कि राज्य सरकार शीघ्र ही इस प्रस्ताव को केंद्र सरकार को भेजेगी और राष्ट्रकवि दिनकर जी के सम्मान में इस ऐतिहासिक पुल का नाम “राष्ट्रकवि दिनकर सेतु” रखने का मार्ग प्रशस्त होगा।

डीएनबी भारत डेस्क

Share This Article