बिहार विधानसभा: तेघड़ा विधायक रजनीश कुमार ने उठाई राजकीयकृत मध्य विद्यालय बारो समेत तीन स्कूलों को उच्च माध्यमिक बनाने की मांग

DNB Bharat Desk

बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के प्रश्नकाल के दौरान तेघड़ा विधानसभा के  विधायक रजनीश कुमार ने बीहट नगर परिषद स्थित राजकीयकृत मध्य विद्यालय, बारो, उत्क्रमित मध्य विद्यालय, मसनदपुर (बीहट) तथा बरौनी नगर परिषद स्थित लालो चंपा जगती मध्य विद्यालय, बरौनी को उच्च माध्यमिक विद्यालय में उत्क्रमित किए जाने का महत्वपूर्ण प्रश्न सदन में प्रमुखता से उठाया।

- Sponsored Ads-

विधायक  रजनीश कुमार ने सदन का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया कि राजकीयकृत मध्य विद्यालय, बारो का ऐतिहासिक महत्व अत्यंत गौरवपूर्ण है। यह राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ जी की प्रारंभिक पाठशाला रही है, जहाँ से उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा ग्रहण की थी। वर्ष 1875 में स्थापित यह विद्यालय आज भी अपनी ऐतिहासिक पहचान बनाए हुए है, किंतु इतने महत्वपूर्ण संस्थान का अब तक उच्च माध्यमिक विद्यालय में उत्क्रमण नहीं हुआ है। 

बिहार विधानसभा: तेघड़ा विधायक रजनीश कुमार ने उठाई राजकीयकृत मध्य विद्यालय बारो समेत तीन स्कूलों को उच्च माध्यमिक बनाने की मांग 2इस विद्यालय के उच्च माध्यमिक विद्यालय उत्क्रमण की मांग समाज सेवा संघर्ष समिति ,स्थानीय नागरिकों, शिक्षाविदों एवं समाजसेवियों द्वारा लंबे समय से की जाती रही है।

विधायक रजनीश कुमार ने सदन में यह भी कहा कि वर्ष 2019-20 में तत्कालीन मुख्यमंत्री आदरणीय श्री नीतीश कुमार जी के द्वारा प्रत्येक पंचायत में राजकीयकृत मध्य विद्यालय को माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालय में उत्क्रमित किया गया था।  

किंतु जिन पंचायतों को नगर परिषद एवं अन्य शहरी निकाय क्षेत्रों में शामिल कर लिया गया था, वहाँ स्थित अनेक मध्य विद्यालय इस योजना से वंचित रह गए। परिणामस्वरूप बिहार के अनेक शहरी निकाय क्षेत्रों के मध्य विद्यालय को आज भी उत्क्रमित नहीं किया गया जिसके कारण वहां के छात्र छात्राएं को माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालय का सुविधा नहीं मिला जिसके कारण छात्र छात्राएं को दूर जाकर शिक्षा ग्रहण करने पर बाध्य होना पड़ता है ।

उन्होंने सरकार का ध्यान इस ओर भी दिलाया कि इन विद्यालयों के पास पर्याप्त भूमि, भवन एवं आधारभूत संरचना उपलब्ध है, फिर भी इन्हें माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालय का दर्जा नहीं मिलने से हजारों छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के विद्यालयों में जाना पड़ता है, जिससे उन्हें अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

प्रश्न के उत्तर में शिक्षा मंत्री श्री मिथलेश तिवारी ने सदन को आश्वस्त किया कि सरकार शीघ्र ही एक संकल्प लाकर न केवल इन तीनों विद्यालयों, बल्कि बिहार के सभी शहरी निकाय क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले ऐसे मध्य विद्यालयों को माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में उत्क्रमित करने की दिशा में ठोस एवं सकारात्मक पहल करेगी।

विधायक श्री रजनीश कुमार ने शिक्षा मंत्री द्वारा दिए गए आश्वासन का स्वागत करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि सरकार के इस निर्णय से न केवल बीहट एवं बरौनी क्षेत्र के विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा, बल्कि पूरे बिहार के शहरी निकाय क्षेत्रों में स्थित हजारों छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

डीएनबी भारत डेस्क

Share This Article