डीएनबी भारत डेस्क
भगवानपुर (बेगूसराय), 14 जुलाई। भगवानपुर प्रखंड में कांग्रेस संगठन को उस समय बड़ी मजबूती मिली, जब एआईएमआईएम के यूथ प्रखंड अध्यक्ष मो. शाहबाज़ ने अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली।

यह सदस्यता अभियान शिवशक्ति ज्योति नगर, सहिलोरी में बेगूसराय जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष शिव प्रकाश गरीब दास की उपस्थिति तथा भगवानपुर प्रखंड कांग्रेस कमिटी के नवनियुक्त अध्यक्ष रामबाबू तांती के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मो. शाहबाज़ के साथ मो. परवेज, मोहम्मद खुर्शीद आलम, मोहम्मद जानिश, मोहम्मद नसिम सहित दर्जनों युवाओं एवं स्थानीय लोगों ने कांग्रेस की नीतियों, विचारधारा और जनसेवा के संकल्प में विश्वास जताते हुए पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। जिला अध्यक्ष शिव प्रकाश गरीब दास एवं प्रखंड अध्यक्ष रामबाबू तांती ने सभी नवसदस्यों को अंगवस्त्र एवं माला पहनाकर पार्टी में स्वागत किया तथा संगठन को मजबूत बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
सदस्यता ग्रहण के बाद सभी नेताओं एवं नवसदस्यों ने सहिलोरी स्थित ज्योति परिसर में भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी तथा बिहार के पूर्व मंत्री एवं पूर्व सांसद स्वर्गीय रामदेव राय की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर संविधान की रक्षा, सामाजिक सौहार्द बनाए रखने, जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करने तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का सामूहिक संकल्प लिया गया।
सभा को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिव प्रकाश गरीब दास ने कहा कि देश की जनता आज महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य और किसानों से जुड़े गंभीर मुद्दों का सामना कर रही है। ऐसे समय में कांग्रेस पार्टी संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और भाईचारे की भावना को मजबूत करने के लिए निरंतर संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की जनपक्षीय नीतियों और विचारधारा से प्रभावित होकर विभिन्न राजनीतिक दलों एवं सामाजिक संगठनों से लोग लगातार पार्टी से जुड़ रहे हैं, जो संगठन की बढ़ती स्वीकार्यता का प्रमाण है।
उन्होंने नवसदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता होते हैं। प्रत्येक नया सदस्य गांव-गांव और पंचायत-पंचायत तक कांग्रेस की नीतियों को पहुंचाने तथा जनता के अधिकारों की आवाज बुलंद करने का कार्य करेगा।
भगवानपुर प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष रामबाबू तांती ने कहा कि प्रखंड में कांग्रेस संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा। युवाओं, किसानों, मजदूरों, महिलाओं एवं वंचित वर्गों को साथ लेकर संगठन विस्तार का कार्य निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि नए साथियों के जुड़ने से भगवानपुर प्रखंड में कांग्रेस संगठन और अधिक सशक्त होगा।
इस मौके पर पूर्व प्रखंड अध्यक्ष यशवंत चौधरी, मंडल अध्यक्ष मो. यूनिस, इन्द्रदेव राय, पूर्व प्रमुख कृष्ण कुमार राय, पूर्व उप प्रमुख संजीव गुप्ता, राम पुनीत रजक, नंदलाल यादव, सीताराम सहनी, रामाश्रय राय सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे।
बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट