डीएनबी भारत डेस्क
बिहार सरकार के “नशा मुक्त बिहार” संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से रविवार को “तेघरा थाना आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत अनुमंडल क्षेत्र के ग्राम पंचायत राज पिढौली से सूखा नशा एवं अवैध शराब के विरुद्ध विशेष जन-जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए समाज को नशामुक्त बनाने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी तेघरा राकेश कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कृष्ण कुमार, तेघरा के पूर्व विधायक ललन कुँवर, थानाध्यक्ष क्रांति रमन, ग्राम प्रधान अनुराग कुमार सहित अनेक जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, बुद्धिजीवी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार ने कहा कि सूखा नशा, अवैध शराब एवं अन्य मादक पदार्थ आज समाज के सामने गंभीर सामाजिक चुनौती बन चुके हैं। नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि उसके परिवार, सामाजिक जीवन, आर्थिक स्थिति और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को भी गहरे संकट में डाल देता है। जिस समाज में नशे का प्रचलन बढ़ता है, वहां अपराध, घरेलू हिंसा, सड़क दुर्घटनाएं, सामाजिक असुरक्षा एवं आर्थिक विषमताएं भी तेजी से बढ़ती हैं।
उन्होंने कहा कि नशे की गिरफ्त में आने वाला युवा अपने जीवन के सबसे महत्वपूर्ण समय को खो देता है, जिससे परिवार की उम्मीदें टूटती हैं और एक पूरी पीढ़ी विकास की मुख्यधारा से पीछे छूट जाती है। यदि समाज को सुरक्षित, स्वस्थ, शिक्षित और समृद्ध बनाना है तो प्रत्येक नागरिक को नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता अभियान का सहभागी बनना होगा।
अनुमंडल पदाधिकारी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि नशे से स्वयं दूर रहें, अपने परिवार एवं बच्चों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें तथा अपने आसपास सूखा नशा, अवैध शराब अथवा किसी भी प्रकार के मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की सूचना बिना किसी भय के प्रशासन एवं पुलिस को दें। प्रशासन ऐसे मामलों में त्वरित एवं कठोर कार्रवाई के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कृष्ण कुमार ने कहा कि अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि नशे के विरुद्ध अभियान तभी सफल होगा, जब समाज और पुलिस मिलकर इस सामाजिक बुराई को समाप्त करने का संकल्प लें।
वहीं थानाध्यक्ष क्रांति रमन ने कहा कि “तेघरा थाना आपके द्वार” कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस और आमजन के बीच विश्वास को मजबूत करना तथा कानून-व्यवस्था के साथ-साथ सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जनभागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने ग्रामीणों से नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
डीएनबी भारत डेस्क