डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है जहाँ दामोदर पब्लिक स्कूल के होस्टल से रात के समय 9 बच्चों के गायब होने से इलाके में हड़कंप मच गया। करीब 12 घंटे तक बच्चों का कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद पुलिस और परिजनों की तलाश में सभी बच्चे सुरक्षित बरामद कर लिए गए। हालांकि इस घटना ने स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर प्रखंड के देसरी करख स्थित दामोदर पब्लिक स्कूल के होस्टल से 9 बच्चों के रात में अचानक गायब होने की घटना सामने आई है।जानकारी के अनुसार, घटना के समय स्कूल के प्रिंसिपल कोलकाता गए हुए थे और स्कूल की जिम्मेदारी वॉचमैन के पास थी। बताया जा रहा है कि आधी रात के बाद 9 बच्चे स्कूल के होस्टल परिसर से बाहर निकल गए और करीब 12 घंटे तक उनका कोई पता नहीं चल सका।
बच्चों के गायब होने की सूचना मिलने के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने भी तुरंत तलाशी अभियान शुरू किया। लगातार खोजबीन के बाद सभी 9 बच्चों को सुरक्षित बरामद कर लिया गया, जिससे परिजनों ने राहत की सांस ली।हालांकि इस पूरे मामले ने स्कूल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह है कि आखिर बच्चे स्कूल के होस्टल से कैसे बाहर निकल गए?
कई घंटों तक उनकी गैरमौजूदगी की जानकारी स्कूल प्रशासन को क्यों नहीं हुई? और बच्चों की सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी थी।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह घटना लापरवाही का परिणाम था या इसके पीछे कोई और वजह थी।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट