बेटी की मौत का ठीकरा पड़ोसन पर फोड़ा, चंडी थाना क्षेत्र की घटना।
डीएनबी भारत डेस्क
नालंदा में अंधविश्वास का खौफनाक चेहरा सामने आया है। चंडी थाना क्षेत्र के सालेपुर गांव में एक महिला को डायन बताकर उसके पूरे परिवार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। हमले में पति-पत्नी और उनका बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि आरोपियों ने पीड़ित की दुकान में भी तोड़फोड़ की।

सभी घायलों का इलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है कि आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।जख्मी डोमन देवी ने आरोप लगाया कि पड़ोसी नीरज कुमार ने उन्हें डायन बताकर अपने परिजनों के साथ मिलकर हमला कर दिया। पीड़िता के अनुसार विवाद की शुरुआत पिछले दीपावली से हुई थी। उस समय पटाखा छोड़ने के दौरान नीरज कुमार की बेटी की एक आंख घायल हो गई थी, जिसके इलाज का खर्च उनसे मांगा जा रहा था।
पैसे देने से इनकार करने पर उस वक्त भी मारपीट हुई थी। पीड़िता का कहना है कि कुछ समय बाद बीमारी के कारण नीरज कुमार की बेटी की मौत हो गई। इसके बाद उसने बेटी की मौत का आरोप डोमन देवी पर लगाते हुए उन्हें डायन बताना शुरू कर दिया। इसी बात को लेकर हुए विवाद में आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर पति-पत्नी को घायल कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके बच्चे की भी बेरहमी से पिटाई की गई। इतना ही नहीं, आरोपियों ने पीड़ित की दुकान में भी तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया।
डीएनबी भारत डेस्क