डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर: जोगबनी–दानापुर एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 13211) से उतरने के क्रम में गिरकर गंभीर रूप से घायल हुई 19 वर्षीय छात्रा चांदनी कुमारी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद से ही छात्रा की स्थिति नाजुक बनी हुई थी और सदर अस्पताल में चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका। सुपौल जिले के करज बाजार निवासी 19 वर्षीय चांदनी कुमारी, जो कि बीएससी नर्सिंग की छात्रा थी, ट्रेन से सफर कर रही थी।

ट्रेन से उतरने के दौरान संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गई थी। घटना के तुरंत बाद RPF की टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे पहले रेलवे अस्पताल और फिर गंभीर हालत में सदर अस्पताल पहुंचाया था। अस्पताल में भर्ती कराए जाने के बाद से ही वह काफी गंभीर स्थिति में थी। हालांकि चिकित्सकों ने उसे बचाने की हरसंभव कोशिश की, लेकिन गहरी चोटों के कारण उसकी जान नहीं बच सकी। छात्रा की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना के समय ट्रेन में ही रह गया युवती का बैग हाजीपुर में सुरक्षित बरामद कर लिया गया था, जिसे अब परिजनों को सौंपा जा रहा है। मामले में RPF इंस्पेक्टर अविनाश करोसिया, पी.के. चौधरी और श्याम सुंदर कुमार की टीम ने पूरी घटना के दौरान सक्रिय भूमिका निभाई। इस दुखद घटना ने एक बार फिर से रेल यात्रा के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की अहमियत को रेखांकित कर दिया है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से पुनः अपील की है कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का जोखिम न उठाएं।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट