राष्ट्रीय आय सह मेधा छात्रवृत्ति परीक्षा में मध्य विद्यालय, बीहट के 07 शिक्षार्थी सफल

DNB Bharat Desk

राजकीयकृत मध्य विद्यालय, बीहट ने एक बार फिर अपनी शैक्षणिक गुणवत्ता और विद्यार्थियों की प्रतिभा का परिचय देते हुए राष्ट्रीय आय सह मेधा छात्रवृत्ति परीक्षा में उल्लेखनीय सफलता अर्जित की है। विद्यालय के 07 शिक्षार्थियों ने राजकीय छात्रवृत्ति हेतु पात्रता हासिल कर विद्यालय के साथ अपने गांव और जिला को गौरवान्वित किया है। सफल शिक्षार्थियों में अंशु कुमार, शिवम कुमार, अनामिका कुमारी, मुस्कान कुमारी, माही कुमारी, सृष्टि कुमारी एवं उत्कर्ष कुमार शामिल हैं।

- Sponsored Ads-

इन विद्यार्थियों ने वरिष्ठ स्नातक शिक्षक अनुपमा सिंह तथा स्वयंसेवी शिक्षक राजन कुमार के मार्गदर्शन में यह सफलता प्राप्त की है। विद्यालय परिवार के अनुसार यह उपलब्धि वर्षभर संचालित समग्र शैक्षणिक एवं सह शैक्षणिक गतिविधियों, नवाचार आधारित शिक्षण प्रक्रियाओं, खेल कूद, सांस्कृतिक प्रदर्श, कला -कौशल आदि में नियमित भागीदारी के लिए हमेशा तत्पर विद्यार्थियों की सतत मेहनत का परिणाम है। विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण कक्षा शिक्षण के साथ-साथ पठन संस्कृति, विज्ञान, गणित, खेल, कला, साहित्य, नेतृत्व विकास तथा विविध पाठ्यगामी एवं पाठ्य-सहगामी गतिविधियों को समान महत्व दिया जाता है। यही कारण है कि विद्यालय के विद्यार्थी लगातार जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के विभिन्न मंचों पर अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन कर रहे हैं।

राष्ट्रीय आय सह मेधा छात्रवृत्ति परीक्षा में मध्य विद्यालय, बीहट के 07 शिक्षार्थी सफल 2इस अवसर पर वरिष्ठ स्नातक शिक्षक अनुपमा सिंह ने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की लगन, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का प्रतिफल है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि चयनित शिक्षार्थी आगे भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने परिवार, विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे। प्रधानाध्यापक रंजन कुमार ने चयनित विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों तथा मार्गदर्शक शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि केवल सात विद्यार्थियों की सफलता नहीं, बल्कि विद्यालय की सुदृढ़ शैक्षणिक संस्कृति, शिक्षकों की प्रतिबद्धता और समुदाय के विश्वास का भी प्रमाण है। उन्होंने कहा कि मध्य विद्यालय, बीहट में बच्चों के बहुआयामी विकास को केंद्र में रखकर संचालित किए जानेवाले विभिन्न नवाचारों और अधिगम गतिविधियों के सकारात्मक परिणाम अब निरंतर सामने आ रहे हैं।

विद्यालय की इस उपलब्धि पर तेघड़ा विधायक रजनीश कुमार, पूर्व विधायक रामरतन सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार, मुख्य पार्षद नगर परिषद बीहट बबीता कुमारी, बीडीओ बरौनी अनुरंजन कुमार, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सुभाष कुमार सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शिक्षा प्रेमियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं अभिभावकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए चयनित विद्यार्थियों तथा मार्गदर्शक शिक्षकों को बधाई के साथ विद्यालय परिवार एवं सभी सफल शिक्षार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इसे विद्यार्थियों के परिश्रम, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के अटूट विश्वास का साझा प्रतिफल बताया है।

Share This Article