सदन में उठाई गई मांग को कैबिनेट ने दी हरी झंडी, पीएम मोदी और नितिन गडकरी का जताया आभार
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की पहल से सुलझा प्रिस्टाइन फूड पार्क का विवाद, जल्द ही लगेंगे उद्योग

24 जून को दो साल का कार्यकाल पूरा होने पर जनता के सामने रखेंगे अपना रिपोर्ट कार्ड
डीएनबी भारत डेस्क
खगड़िया से पूर्णिया तक फोरलेन सड़क निर्माण को केंद्रीय कैबिनेट की हरी झंडी मिलने पर स्थानीय सांसद राजेश वर्मा ने गहरी खुशी जताई है। गुरुवार को खगड़िया परिसदन में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए सांसद राजेश वर्मा ने इसे खगड़िया और पूरे सीमांचल के विकास के लिए एक ऐतिहासिक मील का पत्थर बताया।
सदन की मांग रंग लाई, एनडीए सरकार का जताया आभार
प्रेस वार्ता के दौरान सांसद राजेश वर्मा ने कहा, “पटना से बेगूसराय तक तो फोरलेन की सुविधा थी, लेकिन बेगूसराय के बाद पूर्णिया तक सड़क की स्थिति बेहद दयनीय थी। इस गंभीर विषय को मैंने खगड़िया की जनता की आवाज बनकर सदन में पूरी मजबूती से उठाया था। तब केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी जी ने मुझे आश्वस्त किया था कि इस परियोजना को जल्द स्वीकृति दी जाएगी। कल बुधवार को यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में कैबिनेट की बैठक में सबसे पहले खगड़िया-पूर्णिया फोरलेन के निर्माण को मंजूरी मिली।”
प्रिस्टाइन फूड पार्क का विवाद खत्म, पैदा होंगे रोजगार के अवसर
जिले में औद्योगिक निवेश को लेकर एक और बड़ी खुशखबरी देते हुए सांसद राजेश वर्मा ने बताया कि मानसी स्थित प्रिस्टाइन मेगा फूड पार्क का लंबे समय से अटका विवाद अब पूरी तरह खत्म हो चुका है। प्रिस्टाइन और बुडको (BUIDCO) के बीच जो मामला कोर्ट में लंबित था, उस पर लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान जी ने सकारात्मक हस्तक्षेप और ठोस पहल करते हुए विवाद को पूरी तरह सुलझा दिया है। अब इस फूड पार्क में जल्द ही नए उद्योग स्थापित होंगे, जिससे स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे। उन्होंने संकल्प दोहराया कि आने वाले समय में खगड़िया में सड़क, पुल और पुलिया की कोई समस्या नहीं बचेगी।
24 जून को पेश करेंगे दो साल का रिपोर्ट कार्ड
पारदर्शिता और जनता के प्रति अपनी जवाबदेही का जिक्र करते हुए सांसद राजेश वर्मा ने कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल का एक साल पूरा होने पर भी जनता के बीच रिपोर्ट कार्ड पेश किया था। अब आगामी 24 जून को कार्यकाल के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर वे पुनः अपनी उपलब्धियों और किए गए कार्यों का विस्तृत रिपोर्ट कार्ड खगड़िया की जनता मालिकों के सामने रखेंगे।
खगड़िया संवाददाता राजीव कुमार की रिपोर्ट