डीएनबी भारत डेस्क
बरौनी रिफाइनरी ने वर्ष 2026 की अपनी पहली प्रेस वार्ता का आयोजन ऑफिसर्स क्लब में किया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख श्री सत्तू प्रकाश ने की। इस अवसर पर रिफाइनरी के विभिन्न वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

स्वच्छ ऊर्जा और नेट जीरो की ओर पहल
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए श्री सत्तू प्रकाश ने कहा कि बरौनी रिफाइनरी राष्ट्र की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ स्वच्छ ऊर्जा के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि रिफाइनरी ‘नेट जीरो 2046’ के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सार्थक कदम उठा रही है। इसी कड़ी में, हाल ही में 140 kWp की रूफटॉप सोलर पावर सिस्टम को सफलतापूर्वक कमीशन किया गया है। इससे रिफाइनरी की नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता 2.57 मेगावाट से बढ़कर 2.71 मेगावाट हो गई है। यह पहल सालाना 24 लाख यूनिट ऊर्जा की बचत करेगी और 1.5 लाख किलोग्राम CO2 उत्सर्जन को कम करने में मदद करेगी।
वर्ष 2025-26 की उपलब्धियां
प्रसंस्करण प्रबंधक, श्रीमती नेहा कुमारी ने वित्त वर्ष 2025-26 की तकनीकी उपलब्धियों का विवरण साझा किया। उन्होंने बताया कि बरौनी रिफाइनरी ने इस वित्तीय वर्ष में 94.2 MMT का उत्पादन, 231 TMT एटीएफ (ATF) उत्पादन और 325.2 TMT ईबीएमएस (EBMS) उत्पादन हासिल किया है।
सामाजिक दायित्वों का निर्वहन
मुख्य प्रबंधक (ईएमएस, सीएसआर) श्री नीरज कुमार ने रिफाइनरी द्वारा किए जा रहे सामाजिक कल्याण कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि रिफाइनरी ने हाल ही में क्षय रोग (टीबी) के निदान के लिए जिला टीबी केंद्र को ‘ट्रूनेट मशीन’ (TrueNAT machine) भेंट की है। यह आधुनिक मशीन टीबी की शीघ्र पहचान और उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इसके साथ ही, रिफाइनरी शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और सामुदायिक विकास के क्षेत्रों में स्थानीय समाज के साथ जुड़कर निरंतर कार्य कर रही है।
प्रेस वार्ता के माध्यम से रिफाइनरी ने यह दोहराया कि वे मीडिया और जनता के साथ अपने विश्वास को मजबूत करने और समाज की सेवा के लिए निरंतर समर्पित हैं।
डीएनबी भारत डेस्क