डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर जिले के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत रोसड़ा बाईपास स्थित जीवछ पेट्रोल पंप पर देर रात छिनतई और रंगदारी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात लगभग 12 बजे चार बाइक सवार युवक पेट्रोल भरवाने के लिए पेट्रोल पंप पर पहुंचे।

बताया जा रहा है कि पेट्रोल भराने के दौरान बदमाशों ने अचानक नोज़ल मैन के साथ मारपीट शुरू कर दी और उसकी जेब में रखे लगभग 40 हजार रुपये जबरन छीन लिए। घटना के दौरान अपराधियों ने पेट्रोल पंप कर्मियों को धमकी देते हुए कहा कि अगर रात में पेट्रोल पंप चलाना है तो रंगदारी देनी होगी।
इतना ही नहीं, बदमाशों ने जान से मारने की धमकी भी दी और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पेट्रोल पंप कर्मियों और आसपास के लोगों में भय और दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके। स्थानीय लोगों और व्यवसायियों ने पुलिस प्रशासन से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट