डीएनबी भारत डेस्क
भगवानपुर उच्च माध्यमिक विद्यालय महेशपुर में ऊर्जा संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को पेट्रोल, डीजल एवं बिजली की बचत के महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही दैनिक जीवन में ऊर्जा के विवेकपूर्ण उपयोग के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि बढ़ती ऊर्जा खपत और प्रदूषण वर्तमान समय की गंभीर समस्या है। इससे बचाव के लिए लोगों को अधिक से अधिक पब्लिक ट्रांसपोर्ट का उपयोग करना चाहिए। निजी वाहनों के अत्यधिक प्रयोग से ईंधन की खपत बढ़ती है तथा पर्यावरण भी प्रदूषित होता है। विद्यार्थियों को साइकिल के उपयोग के फायदे बताते हुए कहा गया कि साइकिल न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है, बल्कि यह ऊर्जा संरक्षण एवं पर्यावरण संतुलन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
इस अवसर पर उपस्थित संकुल संचालक संजीव कुमार चौधरी ने कहा कि ऊर्जा संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर हम देश की बड़ी ऊर्जा बचत में योगदान दे सकते हैं। समन्वयक प्रकाश रंजन राय ने कहा कि विद्यार्थियों के माध्यम से समाज में जागरूकता फैलाना अत्यंत आवश्यक है। यदि नई पीढ़ी अभी से ऊर्जा बचत की आदत अपनाएगी, तो भविष्य सुरक्षित और स्वच्छ बनेगा।
कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक प्रमोद कुमार साह ने विद्यार्थियों को अनावश्यक बिजली उपयोग से बचने, एलईडी बल्ब अपनाने तथा सार्वजनिक परिवहन के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों के बीच मेलोडी टॉफ़ी का वितरण किया गया, जिससे बच्चों में विशेष उत्साह देखा गया। इस अवसर पर शिक्षक राजीव कुमार, सौरभ कुमार, अमितेश कुमार, शशि, गोविंद कुमार, सतीश कुमार साह, विनोद कुमार, संगीत शिक्षक सुशील कुमार “शक्ति”, शिक्षिका ब्यूटी कुमारी एवं पूजा कुमारी सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट