डीएनबी भारत डेस्क
बेगूसराय में मोबाइल चोरी के आरोप में बीच सड़क हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। नशे में धुत एक युवक को लोगों ने पकड़कर जमकर पिटाई कर दी। आरोप है कि युवक ने ई-रिक्शा चालक का मोबाइल चोरी कर लिया था। पकड़े जाने के बाद आरोपी ने ई-रिक्शा को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।

घटना के दौरान सड़क पर घंटों अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। मामला नगर थाना क्षेत्र के ट्रैफिक चौक के पास का है।तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह मोबाइल चोरी के आरोप में पकड़े गए युवक को लोग बीच सड़क पर पकड़कर पीट रहे हैं। वहीं ट्रैफिक पुलिस भी मौके पर मौजूद दिख रही है, लेकिन काफी देर तक हालात बेबस नजर आए।
बताया जा रहा है कि एक नशे में धुत युवक ई-रिक्शा पर सवार था। इसी दौरान उसने चालक का मोबाइल चोरी कर लिया। ई-रिक्शा चालक प्रीत कुमार के अनुसार, युवक को मोबाइल चोरी करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। पकड़े जाने के बाद आरोपी युवक मारपीट पर उतारू हो गया।इसके बाद जब लोगों ने “चोर-चोर” का शोर मचाया तो आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई और युवक की जमकर पिटाई शुरू हो गई। आरोप है कि गुस्से में युवक ने ई-रिक्शा को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
बीच सड़क पर यह हाई वोल्टेज ड्रामा करीब घंटे भर तक चलता रहा। इस दौरान सड़क पर अफरा-तफरी और जाम जैसी स्थिति बनी रही। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगाते रहे।घटना की सूचना मिलने के बाद ट्रैफिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को पकड़कर अपने साथ थाना ले गई। फिलहाल पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
डीएनबी भारत डेस्क