डीएनबी भारत डेस्क
बेगूसराय में तेज रफ्तार बाइक सवार युवक ने एक छात्र को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना से नाराज लोगों ने सड़क जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर हंगामा किया। गुस्साए लोगों ने आरोपी बाइक सवार युवकों की पिटाई कर दी और उनकी बाइक को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।

मृतक युवक प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था और देश सेवा का सपना देख रहा था। घटना साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के पंचवीर बाजार की है।मृतक युवक की पहचान खगड़िया जिले के चौथम थाना क्षेत्र के रुपणी करुआ मोड़ निवासी अजय प्रसाद गुप्ता के 23 वर्षीय पुत्र राजू रंजन कुमार के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि राजू साइकिल से अपनी बहन के घर लौट रहा था।
इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक सवार युवकों ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि राजू की मौके पर ही मौत हो गई।घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। लोगों का गुस्सा इतना बढ़ गया कि उन्होंने आरोपी बाइक सवार युवकों को पकड़कर जमकर पिटाई कर दी और बाइक को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
बताया जा रहा है कि यह सब पुलिस के सामने होता रहा, लेकिन पुलिस मूकदर्शक बनी रही।परिजनों के अनुसार राजू पिछले कई वर्षों से साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के सनहा पश्चिम वार्ड नंबर-8 में अपनी बहन के यहां रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। वह बलिया ग्राउंड में फिजिकल की तैयारी करता था और देश सेवा का सपना देखता था। परिवार वालों ने बताया कि राजू खुद की लाइब्रेरी चलाकर पढ़ाई का खर्च निकालता था और संघर्ष के दम पर अपने भविष्य को संवारने में जुटा था।बताया जा रहा है कि संध्या करीब 6 बजे राजू बाजार से सामान लेकर लौट रहा था, तभी कथित तौर पर नशे में धुत बाइक सवार युवकों ने उसे कुचल दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जिस बेटे से मां-बाप ने बड़े सपने संजोए थे, उसकी असमय मौत ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया।काफी देर तक हंगामे के बाद पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया है और पूरे मामले की जांच में जुट गई है। अब सवाल यह है कि आखिर सड़क पर तेज रफ्तार और नशे का यह खेल और कितनी जिंदगियां निगलेगा।
डीएनबी भारत डेस्क