डीएनबी भारत डेस्क
बेगूसराय में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला नगर थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड के पास का है, जहां शातिर अपराधियों ने फिल्मी अंदाज़ में एक महिला की गाड़ी से लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। हैरानी की बात यह है कि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।बताया जा रहा है कि पीड़ित महिला श्वेता कुमारी अपने घर से पटना में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रही थीं।

इसी दौरान रास्ते में दो युवक उनकी गाड़ी के सामने आकर चालक को रोकते हैं और गाड़ी से मोबिल लीक होने की बात कहकर उसे नीचे उतरने के लिए मजबूर करते हैं।जैसे ही ड्राइवर गाड़ी रोककर नीचे उतरता है, उसी दौरान महिला भी गाड़ी का दरवाजा खोलकर बाहर निकलती हैं। तभी मौके का फायदा उठाकर एक शातिर युवक, जो काले रंग की शर्ट और सिर पर काली टोपी पहने हुए था, गाड़ी का दरवाजा खोलकर अंदर रखा बैग लेकर फरार हो जाता है।महिला के मुताबिक बैग में करीब 10 लाख रुपये के जेवरात और 2 लाख रुपये नकद थे।

पूरी वारदात इतनी तेजी से हुई कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। इस घटना के संबंध पीड़ित महिला श्वेता कुमारी ने बताया है कि हम लोग पटना जा रहे थे, तभी दो लड़कों ने कहा कि गाड़ी से मोबिल लीक हो रहा है। ड्राइवर गाड़ी रोककर नीचे उतरा, तभी हम भी उतरे और उसी दौरान गाड़ी से बैग चोरी कर लिया गया।घटना के बाद पीड़ित महिला ने नगर थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है।फिलहाल पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
डीएनबी भारत डेस्क