डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लूट की योजना बना रहे तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से दो अवैध पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने इनकी गिरफ्तारी के साथ ही बहादुरपुर में हुई लूट की घटना का भी खुलासा कर दिया है।

पुलिस के अनुसार, 9 मार्च 2026 को नगर थाना क्षेत्र के बहादुरपुर वार्ड-26 स्थित बाबुल इंटरप्राइजेज में तीन अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर लैपटॉप, कागजात और 4 लाख 41 हजार रुपये की लूट की थी। इस मामले में पीड़ित अंकित कुमार गुप्ता के आवेदन पर नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर अपराधियों की पहचान की। देर रात रेलवे स्टेडियम फील्ड में छापेमारी कर तीनों अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।
उस समय वे फिर से लूट की योजना बना रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों में जितेंद्र कुमार समेत अन्य शामिल हैं। पूछताछ में उन्होंने बहादुरपुर लूटकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने जमीन विवाद के कारण आपराधिक रास्ता अपनाया और साजिश के तहत इस घटना को अंजाम दिया था। लूट की रकम में से उन्हें हिस्सा भी मिला था।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट