डीएनबी भारत डेस्क
बेगूसराय में एक बार फिर दबंगई और अपराध का मामला सामने आया है। साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के चौकी गांव से जुड़ा एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक हथियार लहराते हुए ग्रिल दुकान पर पहुंचकर दुकानदार को धमकाता और फायरिंग करता नजर आ रहा है। हालांकि, इस वायरल वीडियो की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना चौकी पंचायत के वार्ड संख्या-10 की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि दुकानदार विकास शर्मा के ग्रिल दुकान के सामने चौकी गांव निवासी कारे लाल महतो (पुत्र- बादी महतो) उनकी बाइक की बैटरी चोरी कर रहा था। इसी दौरान उन्होंने आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया।चोरी का विरोध करने पर आरोपी आक्रोशित हो गया और बहस करने लगा।
देखते ही देखते उसने जेब से देसी कट्टा निकाल लिया और दुकानदार को धमकी देते हुए फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि गोली दुकानदार को नहीं लगी और वह बाल-बाल बच गए, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया और स्थिति को बिगड़ने से बचाया। सूचना मिलते ही साहेबपुर कमाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
इस पूरे घटनाक्रम का कथित वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। वहीं, कुछ संबंधित पक्षों द्वारा घटना से इनकार किए जाने की बात भी सामने आ रही है, जिससे मामला और पेचीदा हो गया है। हालांकि dnb भारत इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। थाना अध्यक्ष सिंटू कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि वीडियो में दिख रहे व्यक्ति की पहचान कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही, अब तक पीड़ित पक्ष की ओर से कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है।गौरतलब है कि बिहार में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाएं कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं। एक ओर सरकार कानून का राज स्थापित करने का दावा करती है, वहीं दूसरी ओर इस तरह की घटनाएं आम लोगों के बीच भय और असुरक्षा की भावना को बढ़ा रही हैं। स्थानीय लोग प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
डीएनबी भारत डेस्क