डीएनबी भारत डेस्क
भगवानपुर (बेगूसराय)। थाना क्षेत्र के जोकिया बहियार में सोमवार को जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दो पक्षों के बीच जमकर गोलीबारी हुई। इस घटना में एक व्यक्ति के पैर में गोली लग गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों की पहचान रसलपुर गांव निवासी स्वर्गीय जितेंद्र चौधरी के पुत्र उपेंद्र चौधरी, उमेश चौधरी तथा उपेंद्र चौधरी के पुत्र संतोष चौधरी के रूप में की गई है। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रसलपुर गांव के सोनू चौधरी के साथ कई वर्षों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। सोमवार सुबह करीब 12 बजे उपेंद्र चौधरी अपने करीब साढ़े 9 बीघा खेत में कटे गेहूं की दौनी करने गए थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने उन पर हमला कर दिया और अचानक फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें उपेंद्र चौधरी के पैर में गोली लग गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर एसपी मनीष कुमार, डीएसपी कृष्ण कुमार, इंस्पेक्टर जयप्रकाश यादव और थानाध्यक्ष नीरज कुमार ठाकुर सहित कई थानों की पुलिस टीम पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घटनास्थल से पुलिस ने एक जिंदा कारतूस और एक खोखा भी बरामद किया है।घटनास्थल पर एफएसएल की टीम पहुंचकर मामले की छानबीन कर रही है
फिलहाल पुलिस ने इलाके में छापेमारी तेज कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट