डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर। जिला के हसनपुर थाना क्षेत्र के मरांची उजागर पंचायत के वार्ड संख्या 09 के पूर्व वार्ड सदस्य के पुत्र की लाश मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान शंकर साह के पुत्र राकेश कुमार के रूप में की गई है। बताया जाता है कि राकेश 30 मार्च की देर शाम से लापता था। लापता युवक की मोटर साइकिल और कपड़ा भारद्वाज कालेज सकरपुरा हसनपुर रोड के निकट बांसवाड़ी से पुलिस ने लावारिस हालत में बरामद किया था

इसके बाद आसपास के क्षेत्र के लोग एवं पुलिस प्रशासन राकेश कुमार की बरामदगी को लेकर खोजबीन करते रहे, लेकिन राकेश कुमार का कुछ पता नहीं चला। पुन: अहले सुबह से परिजनों एवं स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन के साथ भारद्वाज कालेज के इर्द गिर्द खोजबीन करते रहे। इसी क्रम में दिन के तकरीबन 2:30 बजे के आसपास रजवा रोड निरंकारी भवन से इमली चौक बायपास के रास्ते में एक बाउंड्रीवाल के भीतर से राकेश कुमार का शव क्षत-विक्षत हालत में बरामद किया गया। बताया जाता है कि अपराधियों ने राकेश के पेट में चाकू गोदकर एवं गर्दन को धारदार हथियार से बुरी तरह से काट दिया है।
शव मिलते ही परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल बना हुआ है। वहीं घटना को लेकर आक्रोशित लोगों ने हसनपुर बाजार के सुभाष चौक एवं गांधी चौक को घंटों जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। जाम स्थल पर पहुंचे हसनपुर विधानसभा के वरिष्ठ नेता रामनारायण मंडल उर्फ बच्ची मंडल एवं पुलिस प्रशासन के आश्वासन पर जाम को समाप्त किया गया। पुलिस शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेजा। इस बीभत्स घटना को लेकर आसपास के क्षेत्र में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट