सीएम चेहरे पर बोले मंत्री, कहा- अंतिम निर्णय बड़े नेताओं के हाथ।
डीएनबी भारत डेस्क

बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार आस्थावां विधानसभा क्षेत्र पहुंचे, जहां उन्होंने एक निजी कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान जदयू नेता त्रिनयन कुमार ने समर्थकों के साथ उनका भव्य स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री श्रवण कुमार ने कई राजनीतिक मुद्दों पर अपनी राय रखी। निशांत कुमार के मुख्यमंत्री बनने की चर्चाओं पर उन्होंने कहा कि इस तरह की बातें अलग-अलग नेताओं द्वारा लगातार कही जा रही हैं, लेकिन राजनीति में इतना बड़ा फैसला किसी एक व्यक्ति के स्तर पर नहीं लिया जाता।
उन्होंने स्पष्ट किया कि एनडीए के सभी घटक दलों के नेताओं के साथ विचार-विमर्श के बाद ही इस तरह का निर्णय संभव होता है।श्रवण कुमार ने निशांत कुमार की तारीफ करते हुए कहा कि उनमें मुख्यमंत्री बनने के सभी गुण मौजूद हैं।

वे पढ़े-लिखे, अनुभवी और दूरदर्शी सोच वाले नेता हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि इस मुद्दे का अंतिम फैसला बड़े नेताओं के हाथ में होता है, जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की भूमिका सबसे अहम रहेगी।फिलहाल, निशांत कुमार को लेकर जारी चर्चाओं के बीच मंत्री का यह बयान राजनीतिक हलकों में नई बहस को जन्म दे रहा है।
डीएनबी भारत डेस्क