डीएनबी भारत डेस्क
भगवानपुर(बेगूसराय) प्रखंड क्षेत्र में शनिवार को ईद-उल-फितर का त्योहार शांतिपूर्ण एवं हर्षोल्लास के वातावरण में मनाया गया। शुक्रवार की शाम चांद दिखने की सूचना मिलते ही मुस्लिम समुदाय के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई।शनिवार की सुबह लोग नहा-धोकर एवं नए वस्त्र धारण कर मस्जिदों की ओर रवाना हुए।

प्रखंड के अतरुआ, समस्तीपुर, चुरामनचक, बसही,दामोदरपुर, कठरिया, भगवानपुर, मननपुर, गेहुनी, तकिया, छतरी टोल काजीरसलपुर, चंदौर, सूर्यपुरा एवं बनहारा समेत विभिन्न गांवों की मस्जिदों में अलग-अलग समय पर नमाज अदा की गई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी।
इस दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भगवानपुर थाना अध्यक्ष नीरज कुमार ठाकुर एवं तेयाय ओपी प्रभारी पंकज सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल क्षेत्र में लगातार गश्त करते रहे। प्रशासन की सतर्कता के कारण पूरे प्रखंड में कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
बेगूसराय भगवानपुर संवाददाता गणेश प्रसाद की रिपोर्ट