घटना बेगूसराय के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पहाड़ाचक गांव की है।
डीएनबी भारत डेस्क

बेगूसराय से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां एक मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच जमकर चाकूबाजी और मारपीट हुई, जिसमें आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।
घटना बेगूसराय के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पहाड़ाचक गांव की है। बताया जा रहा है कि एक छोटे से विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते विवाद हिंसा में बदल गया। इस दौरान दोनों ओर से लाठी-डंडे, ईंट-पत्थर और चाकू का इस्तेमाल किया गया।इस खूनी झड़प में दोनों पक्षों के आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सभी घायलों को आनन-फानन में बेगूसराय सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पहले पक्ष के छोटू कुमार का आरोप है कि गांव के कुछ लोग अक्सर बेवजह गाली-गलौज और मारपीट करते रहते हैं। बीती शाम भी इसी तरह की हरकत की गई। विरोध करने पर आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
वहीं दूसरे पक्ष के सन्नी कुमार का कहना है कि पहला पक्ष जबरन रास्ता घेर लेता है। जब वे लोग वहां से गुजर रहे थे, तब गाली-गलौज शुरू हो गई। विरोध करने पर दूसरे पक्ष ने लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर से हमला कर दिया, जिसमें कई लोग घायल हो गए।फिलहाल दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोषियों की पहचान कर कार्रवाई की बात कह रही है। लेकिन जिस तरह से मामूली विवाद में चाकूबाजी तक की नौबत आ गई, वह कानून-व्यवस्था पर सवाल जरूर खड़े करता है।
डीएनबी भारत डेस्क