शिक्षा का मंदिर या नशाखोरी का अड्डा? भ्रष्टाचार और गंदगी के खिलाफ छात्रों ने खोला मोर्चा
डीएनबी भारत डेस्क
बेगूसराय के जीडी कॉलेज में आज उस समय हंगामा मच गया जब एनएसयूआई के छात्र नेताओं ने कॉलेज प्रशासन और प्रिंसिपल के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। एनएसयूआई के बैनर तले पहुंचे छात्रों ने कॉलेज में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार, अव्यवस्था और गंदगी को लेकर पहले जमकर नारेबाजी की और फिर कॉलेज में तालाबंदी कर दी।

तालाबंदी के बाद छात्र मुख्य गेट पर धरना पर बैठ गए। इस दौरान कॉलेज परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष राजा कुमार ने आरोप लगाया कि महाविद्यालय में भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने कहा कि कॉलेज परिसर में गंदगी का अंबार लगा हुआ है, जिससे पढ़ाई करने आने वाले छात्र-छात्राओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उनका यह भी आरोप है कि कॉलेज परिसर नशाखोरी का अड्डा बनता जा रहा है, लेकिन प्रिंसिपल द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।
राजा कुमार ने कहा कि कई बार कॉलेज प्रशासन से शिकायत की गई,बावजूद इसके कोई सुधारात्मक कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि साफ-सफाई और व्यवस्थाओं के नाम पर केवल कागजी खानापूरी की जा रही है।एनएसयूआई नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं की गईं तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठेंगे और कॉलेज की पढ़ाई ठप कर देंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी कॉलेज प्रशासन और प्रिंसिपल की होगी।फिलहाल, प्रदर्शन के बाद कॉलेज प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामले को लेकर छात्र और प्रशासन के बीच टकराव की स्थिति बनी हुई है।
डीएनबी भारत डेस्क