डीएनबी भारत डेस्क
समस्तीपुर जिले के वारिसनगर थाना परिसर से पुलिस सप्ताह दिवस के अवसर पर एक प्रेरणादायक प्रभात फेरी निकाली गई। इस जागरूकता रैली का उद्देश्य समाज को नशा मुक्त बनाने का संदेश देना था। प्रभात फेरी में पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया तथा लोगों से नशे से दूर रहने की अपील की।

वारिसनगर थाना की अपर थाना अध्यक्ष डॉ. रेखा कुमारी ने बताया कि 22 से 27 फरवरी तक पुलिस सप्ताह दिवस मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में आज प्रभात फेरी का आयोजन कर आमजन को नशा के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। उन्होंने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है।
रैली के दौरान “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो” जैसे नारों से माहौल गूंज उठा। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे स्वयं भी नशे से दूर रहें और दूसरों को भी इसके खिलाफ जागरूक करें। इस पहल से समाज में सकारात्मक संदेश गया और लोगों ने पुलिस के इस अभियान की सराहना की।
समस्तीपुर संवाददाता अफरोज आलम की रिपोर्ट