विकास कुमार ने बीहट का नाम राष्ट्रीय ही नहीं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है- मुख्य पार्षद
बेगूसराय के विकास कुमार का साउथ एशियन बॉल बैडमिंटन चैंपियनशिप में रेफरी के रूप में चयन से जिले में हर्ष
डीएनबी भारत डेस्क
बेगूसराय जिले के बीहट के लाल विकास कुमार ने एक बार फिर जिले का मान बढ़ाया है। आगामी 27 से 29 दिसंबर 2025 तक पटना के बीएन क्लब, रामनगरी, आशियाना में होने वाली साउथ एशियन बॉल बैडमिंटन चैंपियनशिप (पुरुष/महिला) में उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर के रेफरी एवं तकनीकी पदाधिकारी के रूप में चयनित किया गया है।

विकास कुमार को चार सदस्यीय तकनीकी दल में अंतिम रूप से जगह मिलने के साथ ही जिले के खेल प्रेमियों में हर्ष और उल्लास का माहौल है। इस प्रतिष्ठित चैंपियनशिप में मेजबान भारत के साथ नेपाल, भूटान, श्रीलंका आदि देशों की टीमें भाग लेंगी। अंतरराष्ट्रीय मैचों के संचालन की बड़ी ज़िम्मेदारी विकास कुमार के कंधों पर होना बेगूसराय के लिए गर्व की बात बताई जा रही है। बॉल बैडमिंटन खेल भारत का अपना स्वदेशी खेल है, जिसकी शुरुआत 1856 में तमिलनाडु के तंजौर में शाही परिवार द्वारा की गई थी। 1954 में बॉल बैडमिंटन फेडरेशन ऑफ इंडिया की स्थापना के बाद इस खेल को नई पहचान मिली।
इस खेल में अब तक खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार तक से सम्मानित किया जा चुका है, रेलवे एवं इंडियन पोस्ट सहित कई सेवाओं में खिलाड़ियों को रोजगार के अवसर भी प्राप्त हुए हैं। ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी ने भी इसे इस वर्ष स्वदेशी खेल की श्रेणी में स्थान दिया है। विकास कुमार इससे पूर्व भी बॉल बैडमिंटन के विकास में सक्रिय रहे हैं और उन्होंने पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में बिहार स्कूल गेम्स खिलाड़ियों को प्रशिक्षण भी प्रदान किया है। विकास कुमार के चयन पर पूरे क्षेत्र में खुशी व्यक्त की गई है।
नगर परिषद बीहट की मुख्य पार्षद बबीता कुमारी ने कहा कि विकास कुमार ने बीहट का नाम राष्ट्रीय ही नहीं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। स्थानीय तेघड़ा विधायक रजनीश कुमार ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत है। पूर्व विधायक राम रतन सिंह ने बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण पृष्ठभूमि से उठकर अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचना विकास कुमार की कड़ी मेहनत और लगन का परिणाम है।
वर्ल्ड व्यू एकेडमी के निदेशक सहित अनेक शिक्षाविदों एवं खेलप्रेमियों ने भी बधाई दी और इसे बेगूसराय के लिए गौरव का क्षण बताया। मध्य विद्यालय बीहट प्रधान रंजन कुमार मध्य विद्यालय बीहट एवं किलकारी कोऑर्डिनेटर अनुपमा सिंह,जिला बॉल बैडमिंटन संघ, नगर परिषद बीहट केेे उप मुख्य पार्षद ऋषिकेश कुमार ,नगर परिषद बीहट के पूर्व अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह पूर्व एमएलसी भूमिपाल राय, केंद्रीय विद्यालय मोकामा के खेल शिक्षक अजय सिंह डीएवी बेगूसराय खेल शिक्षक रंजीत कुमार, केंद्रीय विद्यालय बरौनी के खेल शिक्षक आकाशदीप कुमार,भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह, समाजसेवी अजय सिंह यूयूएमबी गोरगामा के प्राचार्य अर्चना कुमारी सिंटू सिंह,शंभु देवा लोजपा (रा) के प्रदेश उपाध्यक्ष राजकुमार सहित कई गणमान्य खेलप्रेमियों ने अपनी बधाइयां और शुभकामनाएं दी हैं।
बधाइयों से अभिभूत विकास कुमार ने कहा कि उनका लक्ष्य आने वाले समय में बॉल बैडमिंटन खेल को और अधिक लोकप्रिय बनाना तथा ग्रामीण प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाना है। यह जानकारी बेगूसराय बाल बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने दी उन्होंने बताया की वह मैच संचालन के लिए 26 तारीख को पटना मिला रवाना होंगे। जिले भर के खेलप्रेमियों ने उनके इस चयन को बेगूसराय के खेल इतिहास में स्वर्णिम उपलब्धि करार देते हुए हर्ष व्यक्त किया है।
बेगूसराय बीहट संवाददाता धरमवीर कुमार की रिपोर्ट
