बेगूसराय-102 एंबुलेंस कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल,स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होने का अंदेशा

DNB Bharat Desk

बेगूसराय में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर एक बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। 102 एंबुलेंस कर्मचारी संघ के बैनर तले जिले के सभी एंबुलेंस कर्मियों ने सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। संघ के जिला अध्यक्ष रंजन कुमार के नेतृत्व में दर्जनों कर्मचारी सदर अस्पताल परिसर में धरने पर बैठ गए हैं।

- Sponsored Ads-

कर्मचारियों का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी बुनियादी मांगों को लेकर आवाज उठा रहे हैं, लेकिन बार-बार आश्वासन के बावजूद आज तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। इसी के विरोध में उन्होंने एंबुलेंस सेवाओं को ठप कर अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान कर दिया।

एंबुलेंस कर्मियों ने अपनी तीन सूत्री मांगों को सामने रखते हुए कहा कि उन्हें श्रम अधिनियम के तहत वेतन और अन्य सुविधाएं प्रदान की जाएं। इसके अलावा, हर महीने वेतन भुगतान की तारीख निश्चित की जाए और प्रत्येक माह कर्मचारियों को पे-स्लिप उपलब्ध कराई जाए।

बेगूसराय-102 एंबुलेंस कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल,स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होने का अंदेशा 2उन्होंने यह भी कहा कि एंबुलेंस के खराब हो जाने पर उसकी मरम्मत समय पर की जानी चाहिए ताकि मरीजों को किसी तरह की परेशानी न हो। साथ ही, एंबुलेंस खराब रहने की अवधि का वेतन चालक और ईएमटी को दिया जाना चाहिए।

हड़ताल पर बैठे कर्मियों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, वे सेवा बहाल नहीं करेंगे। कर्मचारियों की इस अनिश्चितकालीन हड़ताल का सीधा असर जिले की आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ सकता है। मरीजों और उनके परिजनों को एंबुलेंस सुविधा के अभाव में भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

इस आंदोलन को लेकर जिले भर के स्वास्थ्यकर्मी भी सतर्क हो गए हैं। हड़ताल की सूचना स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों तक पहुंच गई है, लेकिन अब तक वार्ता के कोई संकेत नहीं मिले हैं।

- Sponsored Ads-
- Sponsored Ads-
Share This Article