कैमूर में रिटायर्ड आर्मी जवान की लू लगने से मौत, समय से इलाज होता तो…

DNB Bharat Desk

डीएनबी भारत डेस्क 

कैमूर में इलाज के अभाव में एक रिटायर्ड आर्मी जवान की मौत हो गई। मामले में कैमूर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही सामने आई है। मामले में बताया जा रहा है कि शनिवार की दोपहर रिटायर्ड आर्मी हीटवेव की वजह से मोहनिया के डड़वा में बेहोश हो गए जिन्हें डायल 112 की टीम ने अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान रविवार की सुबह मरीज की हालत बिगड़ने लगी जिसके बाद डॉक्टर ने पुलिसकर्मियों को सूचना दी और हायर सेंटर ले जाने की बात कही।

- Sponsored Ads-

मामले की जानकारी के बावजूद न तो पुलिसकर्मियों ने मरीज को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर पहुंचाया न ही किसी डॉक्टर ने उसे एंबुलेंस से पहुंचवाया। मरीज की अभी पहचान नहीं हो सकी थी जिसकी वजह से परिजन को सूचना नहीं दी जा सकी थी। इस बीच लापरवाही की वजह से मरीज की मौत हो गई। मौत के बाद मृतक की पहचान रोहतास जिला के कोचस थानांतर्गत आदिलापुर निवासी प्रमोद तिवारी के रूप में की गई।

मामले में मोहनिया अनुमंडलीय अस्पताल के चिकित्सक रूपेश श्रीवास्तव ने बताया कि मरीज प्रमोद तिवारी को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर करते हुए मोहनिया पुलिस को इसकी सूचना दे दी गई थी। रेफर के दौरान मरीज अज्ञात था और किसी भी अज्ञात को पुलिस द्वारा हायर सेंटर ले जाया जाता है। लेकिन कोई नहीं आया जिसके बाद मरीज की मौत हो गई। अगर समय से बेहतर इलाज मिलता तो मृतक प्रमोद तिवारी की जान बच सकती थी।

इस मामले में मोहनिया थाने के सब इंस्पेक्टर संजय राउत ने बताया कि मृतक के परिजन पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते जिनसे आवेदन ले लिया गया है।

- Sponsored Ads-
- Sponsored Ads-
Share This Article